भारत सरकार के स्वच्छता अभियान में जहां राजधानी के सभी विभाग सतर्कता से सफाई कार्यों में जुटे हैं, वहीं डीटीसी बस डिपो में स्वच्छता की अनदेखी कर कर्मचारियों के स्वास्थ्य को खतरे में डाला जा रहा है। वेस्ट दिल्ली के मायापुरी डिपो में मच्छर का लार्वा मिलने पर एमसीडी ने 500 रुपये जुर्माना किया है।
जानकारी के अनुसार डीटीसी के मायापुरी बस डिपो में शुक्रवार को एमसीडी ने मच्छर के लार्वा की जांच की। वहां के कूलरों से कई दिनों का पानी भरा हुआ था और उनमें सफाई नहीं की गई थी। कर्मचारियों को गर्मी से राहत दिलाने के लिए इन कूलरों को चलाया जा रहा था।
एमसीडी अधिकारियों ने लार्वा मिलने पर डिपो मैनेजर अजय कुमार के नाम से 500 रुपये ुजुर्माना वसूला। एमसीडी अधिकारियों ने बताया कि मिलने वाला लार्वा स्टेज 4 का लार्वा है, जो खतरनाक स्टेज है, इस स्टेज के बाद लार्वा मच्छर में बदल जाता है। एमसीडी ने चालान में साफ किया है कि कूलरों में स्टेज 4 के लार्वा के साथ ही स्टेज 1, स्टेज 2 और स्टेज तीन के लार्वा भी मिले।