करोल बाग में न्याय युद्ध के तीसरे चरण में व्यापार बचाओ-मजदूर बचाओ के नारे के साथ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन के नृतत्व में सीलिंग के खिलाफ रैली का आयोजन किया गया। इस दौरान दुकानदारों ने जाम लगाने का प्रयास किया, लेकिन माकन ने उनसे फिलहाल शांतिपूर्ण विरोध करने का आग्रह करते हुए कहा कि यदि केंद्र व दिल्ली सरकार ने अब भी इस दिशा में राहत नहीं दिलवाई तो जेल भरो आंदोलन शुरू किया जाएगा।
माकन ने आरोप लगाया कि उच्चत्तम न्यायालय के आदेश की आड़ में दिल्ली सरकार और नगर निगम के अधिकारी भाजपा और आप की सहमति से राजधानी में बेरहमी से गैरकानूनी सीलिंग करके दिल्ली को एक बार फिर उजाड़ने के लिए सुनियोजित षड्यंत्र कर रहे है। नगर निगम गैरकानूनी तरीके से कन्वर्जन शुल्क की वसूली कर रहा है। वे इसके खिलाफ जेल जाने को भी तैयार हैं।
रैली में सीलिंग व कन्वर्जन शुल्क को लेकर व्यापारियों ने जमकर भाजपा व आप सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। माकन ने कहा कि रैली में उपस्थित जनसमूह का रुख देखकर स्पष्ट है कि अब दुकानदार व व्यवसायी गैरकानूनी सीलिंग नहीं होने देंगे। हाथ से होने वाले काम व प्रदूषण न फैलाने वाले उद्योगों को सील करना बेरोजगारी बढ़ाना है। एक तरफ भाजपा व आप की सरकार स्वयं को गरीबों की सरकार कहती हैं, दूसरी तरफ गरीबों को ही खत्म किया जा रहा है।
रैली में ब्रह्म यादव ने प्रस्ताव रखा कि पूरी दिल्ली में जिन कारोबारियों और दुकानदारों ने 10 साल तक लगातार कन्वर्जन शुल्क जमा कराया है, उनसे और वसूली न की जाए। राजधानी में तुरंत गैरकानूनी सीलिंग बंद कराने व दमनकारी कार्रवाई बंद करने का भी प्रस्ताव पास किया गया। इस दौरान चेतावनी दी गई कि सीलिंग जारी रही तो कारोबारी भाजपा और आप पार्टी के नेताओं का उनके घरों पर घेराव करेंगे। रैली को पूर्व मंत्री अरविंदर सिंह लवली, हारुन यूसुफ, अभियान समिति के संयोजक मुकेश शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मदन खोरवाल, चत्तर सिंह आदि ने भी संबोधित किया।