छात्रसंघ चुनाव में फिर से उतरेगी आप की छात्र इकाई
गोपाल राय की मौजूदगी में आयोजित संवाद कार्यक्रम में किया ऐलान
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी की छात्र इकाई छात्र युवा संघर्ष समिति (सीवाईएसएस) एक बार फिर दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव में हाथ आजमाने जा रही है। पार्टी का मानना है कि युवाओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए छात्रसंघ चुनाव में उतरना जरूरी है। दिल्ली सरकार के मंत्री व प्रदेश संयोजक गोपाल राय की मौजूदगी में सोमवार को डीयू कैंपस में संवाद कार्यक्रम का आयोजन कर सीवाईएसएस ने जाहिर भी कर दिया कि इस बार वह दमदारी से मैदान में उतरेगी।
दरअसल, बीते दिल्ली विधानसभा चुनाव में क्लीन स्वीप करने के बाद आप की छात्र इकाई ने डीयू चुनाव में भी हाथ आजमाया था। 2015 के छात्रसंघ चुनाव में सीवाईएसएस ने सभी सीटों पर उम्मीदवार उतारे थे, लेकिन पार्टी को छात्रसंघ चुनाव में करारी शिकस्त मिली थी। एक भी प्रत्याशी चुनाव नहीं जीत सका था। इसके बाद लगातार दो साल आप ने छात्रसंघ चुनाव नहीं लड़ा। पार्टी ने छात्र राजनीति से दूरी बनाए रखी। हालांकि, इस बीच सीवाईएसएस ने छात्रों के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए कई कार्यक्रमों का आयोजन किया। अब एक बार फिर से कैंपस राजनीति में उतरने का फैसला किया है।
सोमवार को दिल्ली विश्वविद्यालय में सकारात्मक राष्ट्रवाद पर संवाद कायम करने के लिए ‘देश की बात’ नामक कार्यक्रम में गोपाल राय ने युवाओं को राजनीति में आने की जरूरत बताई। बकौल गोपाल राय, देश में बड़ी-बड़ी क्रांतियों की शुरुआत छात्रों व युवाओं ने की है। आज एक बार फिर देश को युवाओं के सहयोग की जरूरत है। लिहाजा आप ने फैसला किया है कि सीवाईएसएस दिल्ली विश्वविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव में भागीदारी दर्ज कराएगी।