राजीव गांधी की जयंती पर सद्भावना दौड़
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का 74वां जन्मदिवस मनाया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी के 74वीं जयंती के मौके पर दिल्ली के अलग-अलग जगहों पर कार्यक्रम आयोजित किए। इस दौरान उनकी याद में वीर भूमि पर कांग्रेस नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और सुल्तानपुर मारजा में सद्भावना दौड़ आयोजित की गई।
इस मौके पर जवाहर लाल नेहरू ब्रिगेड के मुख्य संयोजक और पूर्वी दिल्ली नगर निगम के उप-महापौर रमेश दत्ता ने अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ राजीव गांधी की समाधि वीर भूमि पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस मौके पर मौजूद लोगों ने नारे लगाए कि जब तक सूरज चांद रहेगा, तब तक राजीव तेरा नाम रहेगा। श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद नेहरु हिल मिन्टो रोड पर कार्यक्रम आयोजित किया। इस मौके पर कांग्रेस नेता कपिल सिबल, हरीश रावत, शीला दीक्षित, पुरुषोत्तम गोयल, डॉ. योगानंद शास्त्री, मुकेश गोयल और जलप्रकाश अग्रवाल समेत अन्य लोग उपस्थित थे। इस मौके पर राजीव गांधी के 74वें जन्मदिवस पर केक काटा गया और नन्हे-मुन्ने बच्चों को बांटा गया। वहीं दूसरी ओर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के पूर्व सचिव जय किशन के नेतृत्व में राजीव गांधी के जन्म दिवस के मौके पर सुल्तानपुर माजरा में सद्भावना दौड़ आयोजित की गई। इस दौड़ में पुरुषों, महिलाओं और बच्चों ने भागीदारी की। इस दौड़ में प्रथम, द्वितीय और तृतीय आने वाले छात्र-छात्रों को 11 हजार, 71 सौ और 51 सौ रुपए का नकद पुरस्कार दिया गया।