वेतन वृद्घि की मांग लेकर
सफाईकर्मियों की हड़ताल
- नगर पालिका कार्यालय के गेट पर प्रदर्शन कर नारेबाजी
अमर उजाला ब्यूरो
दादरी। नगर पालिका परिषद क्षेत्र के सफाई कर्मचारी वेतन समय से देने और वेतन वृद्धि की मांग को लेकर शनिवार को हड़ताल पर चले गए। नगर पालिका कार्यालय के गेट पर प्रदर्शन कर कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि मांग पूरी होने तक हड़ताल जारी रहेगी।
पालिका क्षेत्र के 25 वार्ड में करीब तीन लाख की आबादी है। सफाई का ठेका आर्यन ग्रुप के पास है। शनिवार को सफाई कर्मचारी हाथों में झाड़ू लेकर नगर पालिका कार्यालय गेट पर पहुंचे और जमकर नारेबाजी की। इसके बाद वे धरने पर बैठ गए। सफाई कर्मचारियों का कहना है कि अक्तूबर माह से उनके वेतन में वृद्धि नहीं की गई है। 240 दिन काम करने के बाद छुट्टी दिए जाने का प्रावधान है, लेकिन उन्हें छुट्टी नहीं दी जाती है। माह में 7 हजार वेतन दिया जाता है, जिसमें से 1300 रुपये पीएफ में कटते है। इसमें उनके परिवार का खर्च नहीं चलता है। उन्होंने वेतन बढ़ाकर 10 हजार पांच सौ रुपये करने की मांग की। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार ने कर्मचारियों का पीएफ काट लिया है, लेकिन जमा नहीं किया। कुछ कर्मचारियों को तीन माह से वेतन नहीं मिला है। सफाई कर्मचारियों की समस्याओं का ठेकेदार और नगर पालिका के अधिकारी निराकरण नहीं कर रहे हैं। प्रदर्शन में जयवीर सिंह, विजय कुमार, सुमित, राहुल, सुनीता देवी, माला रानी, लता, परविंदर, रविंद्र कुमार आदि कर्मचारी मौजूद थे।