नोट : सोनीपत के लिए उपयोगी।
बीआरटी पर हुई दुघर्टना:
टक्कर के बाद कार में आग लगी, युवक जिंदा जला
- युवक एक समाचार पत्र की सप्लाई करने गुरुग्राम जा रहा था
- अंबेडकर नगर थाना पुलिस ने मामला दर्जकर जांच शुरू की
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। बीआरटी कॉरिडोर पर शुक्रवार देर रात अज्ञात भारी वाहन की टक्कर से ईको वैन में आग लग गई। हादसे में चालक जिंदा जल गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। शनिवार दोपहर बाद युवक की पहचान हरियाणा के सोनीपत, पोस्ट कुंडली, सिरसा गांव निवासी सुमित के रूप में हुई। वह छह माह से वैन चला रहा था। हादसे की सूचना परिजनों को दे दी गई है। अंबेडकर नगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
दक्षिण जिला पुलिस के अनुसार शुक्रवार रात करीब एक बजकर 50 मिनट पर पुलिस को सूचना मिली थी कि शेखसराय रेडलाइट के पास बीआरटी पर ईको वैन में आग लगी हुई है। मौके पर पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की एक गाड़ी ने आग पर काबू पा लिया। जांच में ड्राइविंग सीट पर युवक बैठी हुई अवस्था में जला हुआ मिला। वैन का आगे का हिस्सा पिचका हुआ था। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि गाड़ी की किसी भारी वाहन से टक्कर हुई है, जिससे आग लग गई है और युवक बाहर नहंीं निकल पाया। वैन में सीएनजी के दो सिलेंडर लगे हुए थे। युवक अखबार की सप्लाई लेकर नोएडा से लेकर गुरुग्राम जा रहा था। वैन नवीन कुमार के नाम पर रजिस्टर्ड है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को खंगाल रही थी।