यूथ पेज के लिए.....
डीयू की आठवीं कटऑफ जारी
- बीकॉम, बीकॉम ऑनर्स व बीए प्रोग्राम में गिनी-चुनी सीटें
- केएसी, एलएसआर, रामजस, मिरांडा में दाखिले की गुंजाइश
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय ने स्पेशल ड्राइव के तहत अंतिम आठवीं कटऑफ जारी कर दी है। इस कटऑफ के तहत केवल आरक्षित श्रेणी (एससी, एसटी, ओबीसी, पीडब्लयूडी, कश्मीरी विस्थापित) के छात्रों को ही दाखिले का अवसर मिलेगा। कटऑफ की खास बात ये है कि अब भी कुछ कैंपस कॉलेजों में कोटे के छात्रों के लिए बीकॉम, बीकॉम ऑनर्स, ईको ऑनर्स व बीए प्रोग्राम जैसे कोर्सेज में दाखिले का मौका है। इसके आधार पर दाखिले सोमवार से शुरू होंगे।
आठवीं कटऑफ में कैंपस कॉलेजों में किरोड़ीमल कॉलेज में ओबीसी के लिए बीकॉम व बीकॉम ऑनर्स में दाखिले का मौका हैै। बीकॉम में ओबीसी के लिए कटऑफ 93, बीकॉम ऑनर्स के लिए 91.75, एससी के लिए बीकॉम में 89.25 व बीकॉम ऑनर्स में कटऑफ 84 फीसदी रही है। लेडी श्रीराम कॉलेज में एसटी की कटऑफ बीकॉम ऑनर्स के लिए 77 फीसदी, रामजस कॉलेज में ओबीसी के लिए बीकॉम ऑनर्स की कटऑफ 91.75 फीसदी रही है। वहीं, मिरांडा हाउस में एससी श्रेणी के लिए बीए प्रोग्राम की कटऑफ 86.75 फीसदी रखी गई है।
इसी तरह से मैत्रेयी कॉलेज में ओबीसी श्रेणी के लिए बीकॉम की कटऑफ 81, बीकॉम ऑनर्स की 84 फीसदी रही है। आर्यभट्ट कॉलेज में ओबीसी के लिए ईको की कटऑफ 83.25, कॉलेज ऑफ वोकेशनल स्टडी में 85 व दौलतराम कॉलेज में 85 फीसदी रही। कुछ अन्य कॉलेजों में भी हिंदी, संस्कृत व साइंस के कुछ कोर्सेज की सीटें खाली होने के कारण उनके लिए भी कटऑफ जारी हुई है।