डीयू संपत्ति को नुकसान से बचाने के लिए कमेटी गठित
नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय में छात्र संघ चुनावों की तैयारी शुरू हो गई है। डीयू प्रशासन ने हाईकोर्ट के आदेश का पालन करते हुए छात्र संघ चुनाव के दौरान संपत्ति को नुकसान से बचाने के लिए एक पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। यह कमेटी चुनावों के दौरान संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले मामलों को देखेगी। कमेटी में वाइस चांसलर नॉमिनी डीन स्टूडेंट वेलफेयर प्रो. राजेश टंडन को बनाया गया है। कमेटी में इनके अलावा नॉर्थ जिले के अतिरिक्त डीसीपी विनीत कुमार, डीएमआरसी के अतिरिक्त चीफ सिक्योरिटी ऑफिसर रनवीर सिंह, नॉर्थ एमसीडी डिप्टी कमिशनर जगदीप चिल्लर, दक्षिणी दिल्ली नगर निगम के नॉमिनी शामिल होंगे। ब्यूरो
-----
ग्रामीण मुक्त विद्यालय शिक्षा संस्थान फर्जी बोर्ड नहीं
नई दिल्ली। ग्रामीण मुक्त विद्यालय शिक्षा संस्थान फर्जी नहीं है। यह मानव संसाधन विकास मंत्रालय भारत सरकार के मानकों के अनुसार राज्य कार्यकारी आदेश द्वारा अधिसूचित संस्थान है। इस संस्थान में कक्षा 10वीं व 12वीं परीक्षा का पाठ्यक्रम व परीक्षा योजना राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद् से मान्यता प्राप्त है। इस संस्थान ने मान्यता के मुद्दे पर आयोजित एक प्रेसवार्ता में यह जानकारी दी। संस्था के सचिव एमएन खान तथा सीनियर सोशल साइंटिस्ट डॉ. जहीर खान ने बताया कि ग्रामीण मुक्त विद्यालय शिक्षा संस्थान एक स्वायत्त निकाय है जो कि संस्थान अधिनियम 21, 1860 दिल्ली सरकार के अंतर्गत पंजीकृत है। हाल ही में निदेशालय ने फर्जी बोर्ड की सूची में ग्रामीण मुक्त विद्यालय शिक्षा संस्थान का नाम शामिल कर दिया था। संस्थान की ओर से सभी मान्यता संबंधी पत्रावली शिक्षा निदेशालय को सौंपी है। संस्थान ने जल्द से जल्द फर्जी बोर्ड की सूची से नाम हटाने की मांग की है। ब्यूरो