हेडिंग: जगपाल हत्याकांड में एक आरोपी गिरफ्तार
अटाई गांव में हत्या के मामले में अन्य चार लोगों की भी पुलिस कर रही तलाश
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। अटाई गांव निवासी जगपाल सिंह (55) की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। जगपाल केंद्रीय कृषि मंत्रालय में लिपिक थे। 5 अगस्त की शाम को दो पक्षों में झगड़े के दौरान एक पक्ष ने उनकी पिटाई कर दी थी जिससे अगले दिन सुबह उनकी मौत हो गई थी। हत्या के मामले में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
अटाई गांव निवासी मनवीर ने शिकायत दी थी कि रविवार शाम वह गांव से बाहर के रास्ते से पैदल जा रहा था। रास्ते में गांव के ही रहने वाले आजाद व राहुल ने उससे मारपीट शुरू कर दी। मनवीर ने खुद का बचाव करते हुए परिजन को मामले की सूचना दी थी। मनवीर के चाचा जगपाल सहित कई अन्य लोग मौके पर पहुंच गए थे। इस बीच दूसरे पक्ष के लोग भी मौके पर आ गए थे और दोनों पक्षों में मारपीट हुई। मारपीट के दौरान जगपाल गंभीर रूप से घायल हो गए थे। मामले में पांच आरोपी आजाद, धन्नी, राहुल, रजत व मोहित के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया था। ईकोटेक-एक थाना प्रभारी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से आजाद को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी से हत्या में प्रयुक्त लोहे की एक मोटी पत्ती बरामद की गई है। फरार चार अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।