हेडिंग: ‘मायावती के विकास मॉडल को सभी करते हैं याद’
जिलास्तरीय सामाजिक भाईचारा सम्मेलन में बसपा के प्रदेश अध्यक्ष ने कहा
अमर उजाला ब्यूरो
ग्रेटर नोएडा। बसपा के प्रदेश अध्यक्ष आरएस कुशवाहा ने कहा कि आजादी से पहले इस देश के बहुसंख्यक दलित और पिछड़े लोग गुलामी का जीवन जीते थे। पहले अंग्रेजों के गुलाम और उसके बाद देश के राजाओं के गुलाम होते थे, लेकिन बसपा ने जब देश में सामाजिक परिवर्तन की लड़ाई लड़ी तो अब बदलाव दिख रहे हैं। कुशवाहा बृहस्पतिवार को पार्टी के जिलास्तरीय सामाजिक भाईचारा सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि पार्टी सुप्रीमो मायावती के शासन को लोग भूले नहीं हैं। सभी को साथ लेकर उन्होंने विकास मॉडल पेश किया था। उसी मॉडल का आज दूसरी पार्टियां नकल कर रही हैं। गौतमबुद्धनगर लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी विरेंद्र डाढ़ा ने कहा कि सम्मेलन में हर तबके के लोगों ने शामिल होकर जता दिया है कि बहनजी आज भी सर्व समाज की नेत्री हैं। पार्टी के कार्यकर्ताओं को जोड़कर रखना और उनका सम्मान करने में कोई कमी नहीं रखी जाती है। पूरा देश जानता है कि आगामी लोकसभा चुनाव में मायावती की बड़ी भूमिका होगी। उनके हर निर्णय को दूसरे दल सुनते हैं। सर्व समाज के विकास की बात करते हैं। गौतमबुद्धनगर में जो विकास कार्य उन्होंने किए थे, उससे देश दुनिया में क्षेत्र का नाम रोशन हुआ। वहीं, महिपाल माजरा पूर्व विधायक और प्रभारी पश्चिमी उत्तर प्रदेश भाईचारा संगठन ने कहा कि देश के गरीबों, किसानों, मजदूरों, महिलाओं खास कर दलितों पिछड़ों जो लंबे समय से गैर बराबरी के कारण सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक रूप से दबाए गए थे। इस मौके पर राम सेवक पाल मुख्य जोन इंचार्ज मेरठ, जोन इंचार्ज राजकुमार गौतम, पूर्व मंत्री वेदराम भाटी, सतवीर नागर प्रभारी जेवर विधानसभा, नरेंद्र भाटी एडवोकेट प्रभारी दादरी विधानसभा आदि काफी संख्या में लोग शामिल हुए।