हड़ताल : कर्मचारियों के दफ्तर में बैठने का इंतजार करते रहे लोग
तावडू। रोडवेज कर्मचारियों के समर्थन में बिजली कर्मियों की हड़ताल के चलते बिजली उपभोक्ताओं को परेशानी से जूझना पड़ा। खासकर ब्याज माफी के लिए आए उपभोक्ताओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि इलाके की बिजली व्यवस्था पर हड़ताल का बिल्कुल भी असर दिखाई नहीं और पूर्व की भांति सुचारू रूप से बिजली जारी रहीं।
एसडीओ बिजली विभाग के कार्यालय में काम करने पहुंचे सुमरी, राजेश, फिरदौस आदि परेशान उपभोक्ताओं ने बताया कि वह अपने बिलों कि ब्याज माफी के बाद बिल भरने कार्यालय में आए हैं। सुबह से ही कर्मचारियों के दफ्तर में बैठने का इंतजार कर रहे हैं। लेकिन दोपहर तक कोई कर्मचारी दफ्तर में नहीं आया। जिसकी वजह से वह ब्याज माफी का लाभ नहीं ले पाए हैं। इनके अलावा बिजली कनेक्शन, बिल लेने, मीटर लेने, या बिजली से संबधित शिकायत देने आए उपभोक्ता भी इधर उधर भटकते नजर आए। उपभोक्ताओं का कहना था कि उन्हें हड़ताल के बारे में पता ही नहीं था। जिसकी वजह से बिना कार्य उन्हें बैरंग लौटना पड़ा है। वहीं अन्य विभाग में भी हड़ताल का मंगलवार को व्यापक असर देखा गया। शिक्षा विभाग, पब्लिक हैल्थ, आईटीआई, अध्यापक संघ सहित अनेक विभागों के कर्मचारी हड़ताल पर रहे और बाहर रहकर सरकार को कोसा। ब्यूरो