घरों में चोरी करने वाला गिरोह पुलिस के हत्थे चढ़ा
गुरुग्राम। घरों में चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को अपराध शाखा-10 ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार सहित चोरी की गई दो गाड़ियां, कपड़े व अन्य सामान बरामद किया गया है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें दो दिन की रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार अपराध शाखा-10 एंटी स्नेचिंग स्टाफ को सूचना मिली कि घरों में चोरी करने वाले तीन युवक गांव सरहोल के पास मौजूद हैं। इन्हें टीम ने मौके पर पहुंचकर काबू किया। आरोपियों की पहचान नैनीताल उत्तराखंड निवासी सोनू, काशीराम नगर उत्तर प्रदेश निवासी जय सोलंकी व पठानकोट पंजाब निवासी दलीप उर्फ काली के रूप में हुई। अपराध शाखा-10 प्रभारी एसआई संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी गुरुग्राम में ही किराए के मकान में रहते थे। दिन में रेकी करने के बाद रात 3 से 4 बजे के बीच वारदात को अंजाम देते थे। पूछताछ में आरोपियों से सेक्टर-10 थाना क्षेत्र के तीन मामले, बजघेड़ा का एक, उद्योग विहार का एक व न्यू कॉलोनी के 1 मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देसी पिस्तौल, एक कारतूस, 1 लोहे की रॉड, 1 टॉर्च, 1 होंडा सिटी कार, 1 टाटा हेक्सा कार, 2 एलईडी, 8 मोबाइल, 120 जींस पैंट, 140 टी शर्ट, 85 शर्ट व अन्य कपड़े व सामान बरामद किया है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें दो दिन की रिमांड पर लिया गया है। रिमांड के दौरान आरोपियों से अन्य वारदात का खुलासा होने की संभावना है।
------