नूंह। चांदडाका चौकी क्षेत्र के गांव गोकलपुर में पुलिस ने दबिश देकर एक घर से करीब 150 किलो प्रतिबंधित मांस और 15 गोवंश बरामद किए हैं। पुलिस ने गांव के ही पांच नामजद लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
चौकी प्रभारी राजेश कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि गांव गोकुलपुर निवासी रज्जाक और उसके अन्य साथी गांव में गोकशी का कार्य करते हैं। इसके बाद प्रतिबंधित मांस का पैकेट बनाकर डोर-टू-डोर सप्लाई भी करते हैं। पुलिस टीम ने गांव में दबिश दी तो मौके से 150 किलो प्रतिबंधित मांस, दो मोटरसाइकिलें, दो कुल्हाड़ी, एक तराजू सहित 15 जिंदा गोवंश बरामद हुए। उन्होंने बताया कि जब घर की छानबीन की तो प्रतिबंधित पशु की मुंडी और एक खाल भी बरामद हुई। वहीं, सभी आरोपी फरार हो गए। उन्होंने बताया कि गांव गोकलपुर निवासी रज्जाक पुत्र दुल्ली और उसके 4 पुत्रों के खिलाफ पुन्हाना थाने में गो संवर्धन एवं संरक्षण एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने सभी गोवंशों को गोशाला में भिजवा दिया है। चौकी प्रभारी का कहना है कि आरोपियों की तलाश जारी है। जल्द ही सभी गिरफ्तार कर लिए जाएंगे।