नई दिल्ली। द्वारका जिला पुलिस ने अवैध रूप से राजधानी में रह रहे विदेशी नागरिकों के खिलाफ मुहिम चला रही है। पुलिस टीम ने अगस्त माह में द्वारका के अलग अलग इलाकों में रह रहे 15 विदेशी नागरिकों को पकड़ा है। पकड़े गए विदेशियों में दो बांग्लादेशी व 13 नाइजीरियाई नागरिक भी शामिल हैं।
जिला पुलिस उपायुक्त अंकित सिंह ने बताया कि द्वारका जिले की ऑपरेशन यूनिट और थाने की पुलिस ने अगस्त माह में मोहन गार्डन थाना पुलिस ने पांच, एंटी-नारकोटिक्स सेल ने पांच, उत्तम नगर थाना पुलिस ने तीन और डाबरी थाना पुलिस ने दो विदेशी नागरिकों को पकड़ा है। गिरफ्तार किए गए नागरिकों में 13 नाईजीरिया के जबकि दो बांग्लादेश के रहने वाले हैं। पकड़े गए नागरिकों के पास से कोई भी वैध कागजात नहीं मिले हैं और इनकी वीजा अवधि खत्म हो चुकी थी। पुलिस ने सभी नागरिकों को क्षेत्रीय विदेशी पंजीकरण कार्यालय में पेश किया, जहां से इन्हें निर्वासित करने का निर्देश जारी किया गया है। पुलिस ने सभी को हिरासत केंद्र में भेजकर इनकी निर्वासन की प्रक्रिया कर रही है। ब्यूरो