फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

अमर उजाला शिक्षक सम्मान 2024: तालियों की गड़गड़ाहट के बीच मिला सम्मान, गर्व से चमक उठीं आंखें

Sun, 08 Sep 2024 08:44 AM IST
विजय पुंडीर अमर उजाला नेटवर्क, नोएडा

सार

आयोजन में हिस्सा लेने के लिए सुबह नौ बजे से चयनित शिक्षक और उनके स्कूलों के प्रिंसिपल, साथी शिक्षक, परिजन पहुंचने लगे थे। कई शिक्षकों के साथ तो उनके बच्चे भी अवॉर्ड समारोह का हिस्सा बनने के लिए पहुंचे। ऐसे में बच्चे खुद को अपने माता-पिता की यादगार फोटो लेने से नहीं रोक पाए।
विज्ञापन
अमर उजाला शिक्षक सम्मान 2024 कार्यक्रम के दौरान पुरस्कृत शिक्षक - फोटो : विवेक निगम
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

जैसे ही एंकर ने सम्मानित होने वाले शिक्षकों के नाम पुकारने शुरू किए, अवॉर्ड पाने वाले शिक्षकों के सम्मान में तालियों की गडगड़ाहट भी शुरू हो गई। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से ट्रॉफी और सर्टिफिकेट पाकर शिक्षकों के चेहरों पर मुस्कान फैल गई। परिजनों, साथियों और उपस्थित जनसमूह के बीच वह खुद को गौरवान्वित महसूस कर रहे थे। यह ऐसा मौका था जिसने अवॉर्ड पाने वाले शिक्षकों को गर्व की अनुभूति दी। इस गर्व का अहसास उनकी चमकती आंखों में खुशी के रूप में साफ झलक रहा था।

विज्ञापन


आयोजन में हिस्सा लेने के लिए सुबह नौ बजे से चयनित शिक्षक और उनके स्कूलों के प्रिंसिपल, साथी शिक्षक, परिजन पहुंचने लगे थे। कई शिक्षकों के साथ तो उनके बच्चे भी अवॉर्ड समारोह का हिस्सा बनने के लिए पहुंचे। ऐसे में बच्चे खुद को अपने माता-पिता की यादगार फोटो लेने से नहीं रोक पाए। कई बार तो बच्चे और बड़े दोनों मंच के सामने तक पहुंच गए। जबकि सभी को अलग से फोटो उपलब्ध कराने के लिए पूर्व में ही कह दिया गया था। खचाखच भरे एमिटी विवि के ऑडिटोरियम में बड़ी संख्या में मौजूद जनसमूह अवॉर्ड देते समय तालियों से प्रोत्साहन देता रहा। ऐसा प्रोत्साहन जो शिक्षकों को और अधिक ऊर्जा से अपने बच्चों को शिक्षा देने के लिए प्रेरित करता रहेगा।

मंच पर सम्मान मिलना सभी शिक्षकों के लिए गर्व का पल है। सम्मान मिलने के बाद सभी शिक्षकों का जोश और बढ़ जाएगा। इससे इनके काम पर सकारात्मक प्रभाव देखने को मिलेगा। -डॉ. अंशु सिंह, प्रिंसिपल, महर्षि दयानंद इंटर कॉलेज मोदी नगर
विज्ञापन


इस कार्यक्रम का हिस्सा बनकर बहुत खुशी हो रही है। सबसे खास रहा कि छात्रों ने मतदान के जरिए अपने प्रिय शिक्षक को चुना। छात्र इससे मतदान की प्रक्रिया को भी जान पाए। -रेनू सिंह, सीबीएसई कॉर्डिनेटर व प्रिंसिपल, एमिटी इंटरनेशनल स्कूल

शानदार कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह शिक्षकों के लिए अच्छी पहल है। अमर उजाला के प्रयास से छात्रों को सर्वश्रेष्ठ शिक्षक को चुनने का मौका मिला है। -बीके गुप्ता, प्रिंसिपल, इंडियन नेशनल पब्लिक स्कूल

हमारी डांट में छिपा होता है प्यार बच्चों ने इसे पहचाना
हम सुनते रहे हैं कि छोटे बच्चों की कक्षा में पसंदीदा शिक्षक या शिक्षिकाएं होते हैं, लेकिन जब यही बच्चे बड़े हो जाते हैं और बड़ी कक्षा में पहुंच जाते हैं तब भी इनका कोई पसंदीदा शिक्षक होता है इस बात का अंदाजा बिल्कुल नहीं था। हमें बच्चों ने भी बहुत ही गोपनीय तरीके से वोट किया है। वोटिंग के बाद जब नतीजे आए तो चौंकाने वाले थे। बच्चों ने हमें अपना सर्वश्रेष्ठ शिक्षक माना है, हमें मेहनत और लगन के साथ इनका भविष्य संवारना है। अमर उजाला की ओर से आयोजित शिक्षक सम्मान समारोह में सम्मानित शिक्षकों ने कुछ इस तरह अपनी भावनाओं को व्यक्त किया।

शिक्षकों ने बताया कि आज हम शिक्षक सम्मान के हकदार हैं तो सिर्फ बच्चों की वजह से। बच्चों ने मतदान कर हमारा चयन किया है। हमें बेहद गर्व की अनुभूति हो रही है। यह सम्मान शिक्षक और छात्रों के रिश्तों को मजबूत करेगा। हम चाहते हैं कि हमारे पढ़ाए हुए बच्चे देश का नाम रोशन करें। गोविंद पुरी मोदी नगर गाजियाबाद स्थित महर्षि दयानंद इंटरल कॉलेज के शिक्षक राजीव मैत्रेय ने बताया कि इस सम्मान के लिए हमारा चयन हो गया तो हमारे स्कूल के पहले रनरअप ने हमसे कहा कि बच्चों के साथ ऐसा व्यवहार करना चाहिए कि वह कुछ भी सवाल पूछने से पहले हिचकिचाएं नहीं। उन्हें इस तरह पढ़ाना चाहिए कि उनकी समझ में पूरी तरह से आ जाए। ग्रेनों के अस्तीली स्थित पटेल इंटर कॉलेज की शिक्षिका प्रीति सेंगर ने कहा, स्कूल में जब बच्चों के बीच वोटिंग प्रक्रिया बेहद गोपनीय तरीके से हुई थी। 

गाजियाबाद स्थित कन्या वैदिक इंटर कॉलेज की शिक्षिका चेतना शर्मा ने बताया, सर्वश्रेष्ठ शिक्षिका के लिए हमारा चयन होने के बाद हमें पता चला कि हमारे स्कूल के बच्चे हमें कितना पसंद करते हैं। अब हमारे और बच्चों के रिश्ते पहले से भी अधिक मजबूत होंगे। 

गाजियाबाद स्थित डीएलएफ पब्लिक स्कूल की शिक्षिका गीता बसेरा ने बताया, इस स्कूल में वह 15 साल से पढ़ा रही हैं लेकिन इतना गौरवांवित होने का मौका कभी नहीं मिला। यह पल जिंदगी में कभी नहीं भुला सकती।

अवॉर्ड पाकर बढ़ी जिम्मेदारी, बच्चे ऊंचाइयां छुएं यही आकांक्षा
अमर उजाला शिक्षक सम्मान समारोह 2024 का मौका नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद के लोगों के लिए सकारात्मकता और प्रोत्साहन देकर गया। आयोजन में सम्मानित हुए शिक्षकों का कहना है कि इस अवॉर्ड से उनकी जिम्मेदारी बच्चों के प्रति और अधिक बढ़ गई है। अब उनकी यही आकांक्षा है कि उनके बच्चे जीवन में बेहतर करें और समाज के काम आएं। बच्चे अगर ऊंचाईयां छुएंगे, तो यह उनके लिए असली गुरु दक्षिणा होगी।

नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद में करीब डेढ़ महीने तक चली चयन प्रक्रिया के बाद गुरुवार को इन शिक्षकों को एमिटी विवि के सभागार में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के हाथों अवॉर्ड मिला। शिक्षकों का कहना है कि यह उनके अलावा बच्चों के लिए अनूठा अनुभव रहा। इसमें बच्चों को जहां मतदान की प्रक्रिया से रूवरू होने का मौका मिला, वहीं शिक्षक के रूप में पता चला कि आखिर बच्चे उनको कितना प्यार करते हैं। कई बार बच्चों को सिखाने और बेहतर नागरिक बनाने के प्रयास में उनके साथ सख्ती और नाराजगी भी रहती है। इसके वाद भी बच्चे उनको पसंद करते हैं, इससे पता चलता है कि उनका पढ़ाने का तौर-तरीका गलत नहीं है।

नोएडा के शिक्षक सत्यम तिवारी को उनके स्कूल के बच्चों ने छह शिक्षक-शिक्षकाओं के बीच से चुना। उनका कहना है कि यह उनके लिए अचरज जैसा था। इनमें कई शिक्षक तो उनसे भी पहले से यहां बच्चों को शिक्षा दे रहे हैं। मेरा प्रयास रहता है कि हर बच्चे को उसकी समझ और तरीके को ध्यान में रखकर पढ़ाया जाए। ग्रेटर नोएडा से आईं सुप्रिया मिश्रा का कहना है कि अमर उजाला ने उनको मौका दिया जिससे पता चला कि बच्चे कितना पसंद करते हैं। अमर उजाला को इसके लिए उन्होंने आभार भी व्यक्त किया।
विज्ञापन

ट्रॉफी संग सेल्फी लेकर एक दूसरे से बांटी पुरस्कार पाने की खुशी
एमिटी यूनिवर्सिटी में हुए अमर उजाला शिक्षक सम्मान समारोह में शनिवार को शिक्षकों की खुशी शब्दों में बयां न होकर सेल्फी और फोटो से जाहिर होती रही। सम्मान पाकर शिक्षक-शिक्षिकाओं में उत्साह दिखाई दिया। शिक्षक जहां अवार्ड और मेडल के साथ फोटो खिंचवा रहे थे वहीं, शिक्षिकाएं अपने इस पल को यादगार बनाने के लिए सेल्फी लेती दिखाई दीं।

अमर उजाला शिक्षक सम्मान समारोह में उप मुख्यमंत्री से अवार्ड और सांसद से मेडल पाकर शिक्षकों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज होशियारपुर की रितु सिंह का कहना था कि अभी तक जिले से मात्र एक शिक्षक प्रतिवर्ष राज्य शिक्षक अवार्ड के लिए चयनित किया जाता है। अमर उजाला की ओर से कई शिक्षकों को उनके कार्य के लिए सम्मानित किया जा रहा है। यह पल उनको कभी नहीं भूलेगा। ग्रीनफील्ड पब्लिक स्कूल गाजियाबाद की शिक्षिका पूनम सिंह, श्योरविन इंटरनेशनल स्कूल निवाणी मोदीनगर की अजीता त्यागी और ठाकुरद्वारा स्कूल गाजियाबाद की डॉली राठी ने साथ में सेल्फी ली। शिक्षिका पूनम सिंह ने बताया, प्रतिष्ठित समाचार पत्र की ओर से उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के हाथों यह अवार्ड पाना उनके लिए बड़ी बात है।

मोदीनगर की शिक्षिका अजीता त्यागी ने कहा, नोएडा, ग्रेनो और गाजियाबाद के शिक्षकों से मुलाकात हुई और जान पहचान बढ़ी। उन्होंने कई शिक्षिकाओं के साथ सेल्फी और फोटो ली। वहीं, गाजियाबाद ठाकुर स्कूल की डॉली राठी ने बताया, यह उनके जीवन का खास क्षण है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें