बैठक में हंगामा, विकास राशि का नहीं हुआ वितरण
- समिति के कुल 29 सदस्यों में से 18 सदस्य चेयरमैन मुमताज बेगम के विरोध में किया हंगामा
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर झिरका। पुलिस की सुरक्षा में फिरोजपुर झिरका खंड पंचायत समिति की बैठक सोमवार को आयोजित की गई। बैठक शुरू होते ही समिति के कुल 29 सदस्यों में से 18 सदस्य चेयरमैन मुमताज बेगम के विरोध में हंगामा करने लगे। हंगामे के बीच एक घंटा चली बैठक को संख्या बल की ताकत पर बीडीओ मोहनलाल को बिना विकास राशि वितरण करे ही मजबूरन स्थगित करने का फैसला लेना पड़ा।
फिरोजपुर झिरका खंड पंचायत समिति में कुल 30 सदस्य है, लेकिन पिछले 2 माह से एक तिहाई सदस्य चेयरमैन मुमताज बेगम की ढाई साल की कार्यप्रणाली से संतुष्ट नहीं है। बागी सदस्य चेयरमैन को बदलने के लिए उपायुक्त नूंह के समक्ष अविश्वास प्रस्ताव लाने के लिए अपना हलफनामा पेश कर चुके हैं, लेकिन राजनीतिक उठा-पटक के चलते चेयरमैन मुमताज बेगम की कुर्सी खाली नहीं हो पाई है। सोमवार को पंचायत समिति में 78 लाख रुपये की विकास राशि को वितरण करने के लिए चेयरमैन मुमताज बेगम की अध्यक्षता में बीडीओ मोहनलाल की मौजूदगी में समिति सदस्यों की बैठक बुलाई गई थी। बैठक शुरू होते ही हंगामा शुरू हो गया। बागी 18 सदस्यों ने बैठक का विरोध करते हुए चेयरमैन पर पक्षपात का आरोप लगाया और कहा कि विकास राशि का वितरण जब तक नहीं होगा जब तक वर्तमान चेयरमैन मुमताज की कुर्सी पर नया चेयरमैन बैठ नहीं जाएगा। हालांकि चेयरमैन मुमताज व बीडीपी ओ मोहनलाल ने विरोध करने वाले सदस्यों को काफी समझाया कि सरकार की ओर से आई विकास राशि को सभी सदस्यों में समान रूप से बांट कर अपने वार्डों में विकास कार्यों में तेजी लाए, लेकिन बागी सदस्यों ने एक सुर मिला कर विकास राशि लेने से मना कर दिया। बैठक में काफी देर तक चेयरमैन मुमताज व समिति सदस्यों के बीच एक दूसरे के खिलाफ आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता रहा। अंत मे बीडीओ मोहन लाल ने बागी समिति सदस्यों के समर्थन से बैठक को स्थगित कर दिया।
?ोटोऱ्- पंचायत समिति की बैठक में हंगामा करते सदस्य।
-----------------
भाजपा नेता मुंडल करा रहे हैं हंगामा : मुमताज
फिरोजपुर झिरका खंड पंचायत समिति चेयरमैन मुमताज बेगम ने भाजपा नेता एवं जिला प्रमुख के ससुर आलम उर्फ मुंडल पर खुले आम भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मुंडल का विकास राशि में से कमीशन बंद करने पर बगावत का बिगुल बजवाया जा रहा है। चेयरमैन मुमताज बेगम ने आरोप लगाया कि पिछले ढाई साल में पंचायत समिति द्वारा गांवों में जितने भी विकास कार्य करवाए गए है, उन सभी में भाजपा नेता आलम उर्फ मुंडल का हस्तक्षेप रहा है तथा कमीशन वसूला गया है। उन्होंने कहा कि आलम उर्फ मुंडल चेयरमैन की कुर्सी छीन के अपने हितैषी को कुर्सी पर बिठा कर मनमाने विकास राशि को खुर्द बुर्द करना चाहते हैं। मुमताज ने कहा कि उनके इशारे पर ही पिछले 2 माह से चेयरमैन की कुर्सी को लेकर हंगामा करवाया जा रहा है। वहीं इस संबंध में भाजपा नेता आलम उर्फ मुंडल ने चेयरमैन मुमताज द्वारा लगाए गए आरोपों को झूठा व निराधार बताते हुए कहा कि वह पंचायत समिति में किसी भी रूप में हिस्सा नहीं है। चेयरमैन मुमताज ने अपने पद का दुरुपयोग कर विकास कार्यों में खुल कर भ्रष्टाचार किया है। समिति सदस्यों को विकास राशि में से हिस्सा नहीं देने पर सदस्य विरोध कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले ढाई साल में चेयरमैन मुमताज द्वारा काम किए है। उनकी अवश्य जांच कराई जाएगी।