जजपा की सरकार बनी तो युवाओं को 75 फीसदी आरक्षण
गुरुग्रम। पिछले चुनावों में मोदी ने सर्वप्रथम हरियाणा के लोगों के सामने झूठे वादों की शुरुआत की थी। अब हरियाणा के लोगों ने बीजेपी की विदाई की पटकथा लिखनी शुरू कर दी है। उक्त बातें युवा जजपा नेता दिग्विजय सिंह चौटाला ने मंगलवार को सोहना में बीजेपी पर कटाक्ष करते हुए कही। उन्होंने कहा कि सोहना से चौधरी देवीलाल का गहरा संबंध रहा है। अब दुष्यंत भी उनकी राह पर चल रहे हैं और सोहनावासियों के लिए जजपा के दरवाजे हमेशा खुले हैं।
बीजेपी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कि 2014 के चुनाव में भाजपा ने स्वामीनाथन रिपोर्ट लागू करने, केंद्र में दो करोड़ रोजगार प्रतिवर्ष देने, किसानों के कर्जे माफी, सैनिकों के वन रैंक वन पेंशन का वादा, भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने, प्रदेश को शिक्षा का हब बनाने और हरियाणा में बड़े-बड़े उद्योग लगाने का वादा किया था, लेकिन भाजपा सरकार की नाकामी इसी बात से पता चलती है की इन सब वादों में से एक भी वादा पूरा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि गुरुग्राम में बड़ी-बड़ी कंपनियां हैं, लेकिन पढ़े-लिखे युवाओं को भी नौकरी देने की बजाय उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया जाता है। जजपा सरकार बनने के बाद युवाओं के लिए 75 फसीदी आरक्षण तय करेंगे।
सरकार बनते ही 15 से 20 लाख नए रोजगार और डेढ़ से 2 लाख सरकारी पदों को भरने का काम करेंगे । इसके साथ ही किसानों के कर्ज माफ करेंगे, बुढ़ापा पेंशन तीन हजार के साथ-साथ प्रत्येक वर्ष इसे बढ़ाने का काम करेंगे। पार्टी की जिम्मेदारी रहेगी कि राज्य का कोई भी व्यक्ति किसी समस्या के कारण परेशान न रहे।