तिगांव के नौ प्राथमिक स्कूल में मिलेंगी कई सुविधाएं
फरीदाबाद। तिगांव खंड के नौ प्राथमिक स्कूलों को श्यामा प्रसाद मुखर्जी रुरबन प्लान के तहत विकास के पंख लगेंगे। इन स्कूलों को व्हाइट बोर्ड, सांस्कृतिक कार्यक्रम मंच, खेल मैदान, कंप्यूटर युक्त कक्षाएं, सोलर पैनल व रिवर्स ऑसमोसिस (आरओ) युक्त पानी व्यवस्था, वर्षा जल संचयन प्रणाली, सीसीटीवी, भूमि भराव जैसी तमाम सुविधाएं देने पर विचार किया जा रहा है। इसके लिए जिला परिषद ने मौलिक शिक्षा विभाग से अनुमान मांगा है। शिक्षा विभाग की ओर से जिला परिषद को तय प्रारूप में प्रस्ताव भेज दिया गया है।
तिंगाव खंड में शामिल 9 प्राथमिक स्कूलों के नाम जिला शिक्षा विभाग को दिए गए हैं। इसमें भुआपुर, शाहबाद, कबूलपुर पट्टी, मोहम्मदपुर, तिगांव, ढहकौला, फत्तुपुरा, सदपुरा, चीरसी स्थित प्राथमिक स्कूल शामिल हैं। इंटीग्रेटिड एक्शन प्लान (समेकित समूह कार्य योजना) के तीसरे चरण में यह विकास कार्य प्रस्तावित हैं। वर्तमान में इस क्षेत्र में बने सभी प्राथमिक स्कूलों को विकास की दरकार है। नई व्यवस्था कर 2019 में यह स्कूल हाईटेक करने की योजना है। जिला मौलिक शिक्षा विभाग अधिकारी शशी अहलावत ने बताया कि जिले के सभी स्कूलों में सुधार कार्य किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि फिलहाल श्यामा प्रसाद मुखर्जी रुरबन प्लान के तहत तिगांव खंड के नौ स्कूलों का चुनाव किया गया है। उन्होंने बताया कि डिस्ट्रिक्ट रूरल डेवलेपमेंट एजेंसी (डीआरडीए) की ओर से विगत 28 दिसंबर को यह प्रस्ताव भेजा गया था। शशी अहलावत ने बताया कि विभाग को विकास कार्य से संबंधित सभी जानकारी उपलब्ध करा दी गई है। अब जल्द ही संबंधित अधिकारी इस पर बैठक बुलाकर आगामी रणनीति बनाएंगे। प्राथमिक स्तर पर सरकारी सुविधाओं को आधुनिक कर विद्यार्थी संख्या बढ़ाना भी इस योजना का उद्देश्य है।