रात को पार्टी, सुबह प्रार्थना से की साल की शुरुआत
युवाओं ने मचाया धमाल, मॉल्स और रेस्त्रां रहे फुल, धार्मिक जगहों पर सुबह उमड़ी भीड़
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। साल के पहले दिन हर ओर रौनक छाई रही। मंदिर, गुरुद्वारा, मॉल्स, चर्च, पार्क, रेस्त्रां हर जगह लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। शहर में कई जगहों पर कार्यक्रम हुए। लोगों ने कई तरह के ऑफर का लाभ उठाया। कुछ डिस्क और पब में कपल एंट्री पर भारी छूट दी गई। सोसायटी एवं आरडब्ल्यूए ने भी रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन किया। जीआईपी मॉल के प्रवक्ता शमीम ने बताया कि वर्ल्ड्स ऑफ वंडर में लोगों ने जमकर डांस और मस्ती की।
डीजे की धुन पर जमकर थिरके
कुछ बाहरी डांस ग्रुपों को भी बुलाया गया था। मॉल के करीब सभी रेस्त्रां फुल रहे। सुबह से शाम तक लोगों का आना जाना लगा रहा। डिस्क और पब में भी एडवांस बुकिंग का जोर रहा । रिर्वब, इम्परफेक्टो, आइस क्यूब, द एरिस हाउस आदि डिस्क में युवाओं भीड़ देखी गई। डीजे की धुनों पर लोग जमकर नाचे ।
पूजा पाठ से साल की शुरुआत
शहर के मॉल्स एवं रेस्त्रां ही नहीं पूजा घर भी नए साल के रंग में रगें नजर आए। सेक्टर-18 स्थित गुरुद्वारे में पूरे दिन शबद कीर्तन एवं अरदास हुई। वहीं, इस्कॉन मंदिर, लाल मंदिर समेत सभी मंदिरों में विशेष पूजा हुई। भगवान का आशीर्वाद लेने सुबह से भक्तों की भीड़ पहुंच रही थी।
सफला एकादशी पर लोगों ने रखा व्रत
ईश्वर में आस्था रखने वालों के लिए यह साल बेहद खास है। दरअसल, साल की पहली एकादशी के साथ शुरुआत हुई है। मंगलवार को सफला एकादशी का पर्व मनाया गया। यह पर्व भगवान विष्णु को समर्पित है। कई लोग व्रत रखते हैं। सफला एकादशी पर लोगों ने घरों एवं मंदिरों में पूजा अर्चन की। लोगों ने फूल, पुष्प, शहद, धूप, दीप आदि से देवी लक्ष्मी और भगवान विष्णु की पूजा की।