गंगाजल की सप्लाई शुरू, पहले दिन मिला 50 क्यूसेक पानी
- आज से पर्याप्त मात्रा में शुरू हो जाएगी आपूर्ति, शहरवासियों को पहले की तरह मिलेगा पेयजल
- गंग नहर की सफाई की वजह से 7 अक्तूबर को बंद हुई थी सप्लाई
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा।
करीब एक माह बाद नोएडा में गंगाजल की आपूर्ति शुरू हो गई। पहले दिन 50 क्यूसेक गंगाजल की आपूर्ति की गई।
जल विभाग के अधिकारियों का दावा है कि शहरवासियों को मंगलवार से भरपूर मात्रा में गंगाजल मिलने लगेगा।
नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों के मुताबिक शहर को प्रताप विहार प्लांट से 100 क्यूसेक गंगा जल की आपूर्ति की जाती रही है। सोमवार दोपहर तक इसका आधा पानी नोएडा को मिलना शुरू हो गया। यानी करीब 50 क्यूसेक गंगा जल की आपूर्ति शुरू हो गई। दरअसल, बीते 7 अक्तूबर से हरिद्वार से गंगा जल की सप्लाई बंद की गई थी। गंग नहर की सफाई के लिए सप्लाई बंद की गई थी। 7 नवंबर की रात को हरिद्वार से गंगा जल आना शुरू हुआ। लेकिन इसी बीच कुछ पानी को डासना में रोक लिया गया। छठ पर्व के लिए गंगाजल डायवर्ट किया गया।
इसके बाद गंगा जल गाजियाबाद के प्रताप विहार प्लांट तक पहुंचने की बात प्राधिकरण अधिकारियों ने बताई। वहां से फिल्टर होने के बाद सोमवार दोपहर में गंगाजल के नोएडा आने की सूचना मिली। संभावना है कि मंगलवार को गंगा जल की आपूर्ति पहले की तरह बहाल हो जाएगी।
शहर में 240 मिलियन लिटर पेयजल की होती है सप्लाई
शहर में रोजाना 240 मिलियन लिटर पानी की सप्लाई की जाती है। इसमें बोरवेल के पानी में गंगा जल को मिश्रित कर सप्लाई की जाती है। कहीं-कहीं सप्लाई किए गए पानी में 50 से 80 प्रतिशत तक गंगा जल का मिश्रण होता है।