सेक्टर-72/73 की अवैध कॉलोनी में होगी तोड़फोड़
गुरुग्राम। राजनीतिक पहुंच के एक व्यक्ति द्वारा सेक्टर-72/73 में 13.5 एकड़ में काटी जा रही अवैध कॉलोनी पर नगर निगम जल्द ही पीला पंजा चलाएगा। संयुक्त आयुक्त-4 रविंद्र यादव ने कॉलोनी को तोड़ने के आदेश जारी कर दिए हैं। अगले सप्ताह कॉलोनी में कभी भी तोड़फोड़ की जा सकती है। इसको लेकर नगर निगम व नगर योजनाकार विभाग दोनों ने मिलकर योजना तैयार की है। हालांकि निगम ने कॉलोनी में हो रहे निर्माण पर भी रोक लगा दी है। इस खबर को अमर उजाला ने 11 अक्तूबर को ‘सेक्टर-73 में अवैध कब्जा, निगम अधिकारी मौन’ शीर्षक से प्रमुखता से साथ प्रकाशित किया था।
बता दें कि नगर निगम कार्यालय की चंद कदमों की दूरी पर सेक्टर-72/73 में एक नेता की छत्रछाया में यह कॉलोनी काटी जा रही है। जमीन किसी निजी व्यक्ति की है। निगम सूत्रों के अनुसार, सेक्टर की यह जमीन शिक्षण संस्थान के लिए आरक्षित है। ऐसे में यहां रिहायशी कॉलोनी काटना अवैध है।
कई नेताओं के रिश्तेदार काट रहे अवैध कॉलोनियां
शहर में कई अवैध कॉलोनियां काटी जा रही हैं। यह कॉलोनी काटने में शहर के एक नेता की छत्रछाया में उनके रिश्तेदार या सगे-संबधी शहर में धड़ल्ले से कॉलोनियां काट रहे हैं। बादशाहपुर और सोहना में भी सेक्टर-66 में अवैध कॉलोनी राजनीतिक पहुंच के व्यक्ति द्वारा काटी जा रही है।
निगम दायरे के जोन-4 में जितनी भी अवैध कॉलोनियां काटी जा रही हैं, उन पर जल्द कार्रवाई की जाएगी।
-रविंद्र यादव, संयुक्त आयुक्त-4, नगर निगम, गुुरुग्राम