करवा चौथ : लुभा रहा साड़ियों का वर्क, चूड़ियों का रंग
गुरुग्राम। सुहागिनों के दिल के बेहद करीब कहे जाने वाले करवा चौथ व्रत के मद्देनजर बाजार गुलजार हैं, जो आगामी शनिवार को पड़ रहा है। महिलाएं इसकी खरीददारी और तैयारी में जुट गई हैं। सदर बाजार, सेक्टर-14, सेक्टर-15 बाजार समेत अधिकतर बाजारों में महिलाओं की खासी चहलपहल दिख रही है। सोमवार को विशेष रौनक दिखाई दी। महिलाओं की भीड़ देर शाम तक देखी गई। कपड़ा व्यापारियों का कहना है कि करवा चौथ पर साड़ियों की बिक्री में इजाफा होता है। इसके चलते एक सप्ताह पूर्व ही नई साड़ियों का स्टॉक मंगवा लिया गया है।
महिलाओं में साडिय़ों का क्रेज
करवा चौथ के मद्देनजर साड़ियों की दुकानों पर रौनक है। इस बार कोलकाता, लखनऊ, बनारस, सूरत और जयपुर की डिजाइनर साड़ियों की भरमार है। रेडीमेड साड़ियों की भी मांग है, जिन्हें बांधने का कोई झंझट नहीं है और देखने में भी काफी आकर्षक लगती हैं। लहंगा स्टाइल साड़ियां भी पसंद की जा रही हैं। प्लेन बॉर्डर वाली साड़ियों की भी मांग है। वहीं सदाबहार सिल्क का क्रेज भी है। सोमवार को लोगों ने क्रेप, बैंगलोर सिल्क, चंदेरी सिल्क, कॉटन सिल्क की साड़ियां खरीदीं। सदर बाजार स्थित शीतल साड़ी सेंटर के संचालक भारत भूषण गुप्ता के मुताबिक, कोलकाता की साड़ियों को सबसे ज्यादा पसंद किया जा रहा है, जो वजन में हल्की हैं और इन पर जरकन व रेशम का काम है। वहीं वेलवेट के बॉर्डर वाली साड़ियां भी लुभा रही हैं। सिल्क साड़ियां भी धूम मचा रही हैं, जिनकी कीमत 1500 से 15000 रुपये तक है।
इन साड़ियों पर आ सकता है दिल
वेलवेट बॉर्डर वाली साड़ियां।
डिजाइनर साड़ियों में जरकन व हल्के स्टोन की कढ़ाई।
जॉर्जेट की साड़ियों पर कोलकाता के डिजाइन।
रेडीमेड लहंगा साड़ी
लाइट वेट सिल्क साड़ियां (रेशम और कढ़ाई वाली)।
जॉर्जेट, क्रेप, शिफॉन साड़ियों पर खास बॉर्डर।
सजा चूड़ियों का बाजार
साड़ी की मैचिंग वाली चूड़ियों की भी खरीदारी की जा रही है। बाजार में एक से बढ़कर एक चटख रंग व स्पार्कल वर्क वाली चूड़ियों की खासी लंबी रेंज है। राजस्थानी चूड़ियां, पंजाबी कड़े व चूड़ा, फिरोजाबाद व बरेली की मीनाकारी वाली चूड़ियां पसंद की जा रही हैं।