हेडिंग: सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन और शशि चौक के बीच बनेगा यूटर्न
राजकीय डिग्री कॉलेज तिराहा होगा बंद, ट्रैफिक पुलिस ने दिया प्रस्ताव
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन से शशि चौक जाने के क्रम में करीब 200 मीटर पहले यूटर्न बनाने की नोएडा प्राधिकरण की योजना है। यही नहीं डिग्री कॉलेज तिराहे को बंदकर सिग्नल फ्री कर दिया जाएगा। यह प्रस्ताव नोएडा ट्रैफिक पुलिस की ओर से आया है। इस यूटर्न के बनने से शशि चौक पर यातायात का दबाव कम होगा।
नोएडा प्राधिकरण के जीएम राजीव त्यागी ने बताया कि शशि चौक और राजकीय डिग्री कॉलेज तिराहे पर यातायात के दबाव का अध्ययन कराया जा रहा है। यहां ट्रैफिक पुलिस ने कुछ बदलाव करने का प्रस्ताव दिया है। इसको अमल में लाने पर यातायात व्यवस्था सुधरने की उम्मीद है। सिटी सेंटर से गोल्फ कोर्स मेट्रो स्टेशन जाने के क्रम राजकीय डिग्री कॉलेज तिराहा और शशि चौक पर वाहनों का दबाव होने से ट्रैफिक फंस जाता है। पीक ऑवर में यहां बुरा हाल हो जाता है। इससे बचने के लिए यह व्यवस्था की जा रही है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि इस पर अंतिम तौर पर अध्ययन के बाद कुछ और भी बदलाव हो सकते हैं। टी प्वाइंट बंद होने से कुछ वाहन चालकों को थोड़ा आगे जाकर यूटर्न का सहारा लेकर वापस आना होगा, लेकिन इसका अंतिम मकसद यह है कि ट्रैफिक का फ्लो बन जाए और वाहन चालक रुके नहीं, बल्कि आगे बढ़ते जाएं।