पीएम मोदी व राष्ट्रपति मून का स्वागत करेंगे नोएडा के स्कूली बच्चे
नोएडा। नोएडा के स्कूली बच्चे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जे इन का स्वागत करेंगे। बच्चे सड़क मार्ग के सात स्थानों पर झंडे लहराते नजर आएंगे। यही नहीं सड़क के दूसरी ओर भारत और दक्षिण कोरिया के झंडे लगे होंगे। रविवार देर रात तक नोएडा प्राधिकरण ने पीएम रूट के सड़क मार्ग को तैयार कर लिया है।
अधिकारियों के मुताबिक डीएनडी से आगे बढ़ते ही नोएडा में दोनों ओर यूटिलिटी यूनिपोल और डीएनडी से पहले के सभी यूनिपोल पर विशिष्ट अतिथियों के लिए होर्डिंग लगाई गई है। डीएनडी पार करने के बाद जितने भी खाली स्थान हैं वहां पर बैनर और होर्डिंग लगाया गए हैं। डीएनडी से ग्रेटर नोएडा की ओर बढ़ने पर गोलचक्कर से पहले पहला स्वागत द्वार बना होगा। यहां पूरी क्लोवर लीफ में दोनो ओर भारत और दक्षिण कोरिया के झंडे लगे होंगे। डीएनडी के ठीक नीचे एक तरफ बच्चों स्वागत के लिए मौजूद होंगे।
ऐसा पूरे यात्रा मार्ग में सात से आठ स्थानों पर किया जाएगा। पूरे सड़क मार्ग पर एपीजे फ्लाईओवर, महामाया फ्लाईओवर, नए शौचालय, बस स्टैंड व उसके आगे जहां पर भी स्थान उपलब्ध है और जहां पर यूनिपोल लगे हुए हैं। वहां पर होर्डिंग लगाए गए हैं।
रूट पर होंगे चार स्वागत द्वार
पूरे रूट पर चार स्वागत द्वार होंगे। इसके अलावा अन्य स्थानों पर 300 झंडे लगाए जाएंगे, जो भारत और दक्षिण कोरिया के होंगे। रविवार को उद्योग मंत्री सतीश महाना ने भी डीएनडी से लेकर सैमसंग के यूनिट तक सड़क मार्ग का निरीक्षण किया और अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।