संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। स्वास्थ्य विभाग ने टीबी और कैंसर की पहचान और उपचार के लिए विशेष अभियान शुरू किया है। जिले भर में 100 जांच शिविर लगाए जा रहे हैं जो 28 फरवरी तक विभिन्न स्थानों पर संचालित होंगे। इन कैंपों में आम लोगों की निशुल्क स्क्रीनिंग की जा रही है ताकि शुरुआती चरण में बीमारी का पता लगाकर समय पर इलाज शुरू किया जा सके।
कैंपों में संदिग्ध मरीजों की स्क्रीनिंग के लिए आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं। यदि किसी व्यक्ति की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आती है, तो उसका पंजीकरण कर तुरंत उपचार शुरू किया जाएगा। टीबी के मरीजों को सरकारी योजना के तहत मुफ्त दवा और नियमित निगरानी की सुविधा दी जाएगी।
अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे इन शिविरों का लाभ उठाएं और किसी भी तरह के लक्षण जैसे लगातार खांसी, वजन कम होना, असामान्य गांठ, थकान या खून की उल्टी जैसी समस्याओं को हल्के में न लें। समय पर जांच और इलाज से इन बीमारियों पर काबू पाया जा सकता है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार ने बताया कि टीबी और कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूकता की कमी के कारण कई बार मरीज देर से अस्पताल पहुंचते हैं।