डेंगू के 10 नए मामले, कुल मरीजों की संख्या 618 पहुंची
मलेरिया विभाग ने कासना, बरौला और सदरपुर को बनाया हॉटस्पॉट
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। जिले में बृहस्पतिवार को डेंगू के 10 नए मामले सामने आए। अब कुल मरीजों की संख्या 618 तक पहुंच गई है। इस बीच, मलेरिया विभाग ने कासना बरौला और सदरपुर को डेंगू हॉट स्पॉट घोषित किया है। इन क्षेत्रों से तीन से चार डेंगू के मरीज मिले हैं, जिसके बाद विभाग ने इन इलाकों में विशेष अभियान शुरू करने की घोषणा की है।
मलेरिया अधिकारी ने बताया कि टीम ने वाजीदपुर सहित कई अन्य क्षेत्रों में लार्वा जांच अभियान चलाया, लेकिन इन क्षेत्रों में कोई लार्वा नहीं पाया गया। अधिकारी का कहना है कि तापमान में गिरावट हो रही है, जिससे उम्मीद है कि डेंगू के मामलों में धीरे-धीरे कमी आनी शुरू हो जाएगी। हालांकि, नोएडा के आसपास के दिल्ली के इलाकों से भी लोग यहां आकर डेंगू के टेस्ट करा रहे हैं और पॉजिटिव मिल रहे हैं। क्रॉस वेरिफिकेशन के दौरान इसके मामलों की जानकारी मिल रही है। इन मरीजों की जानकारी दिल्ली के अधिकारियों को भेजी जा रही है, ताकि वह उस क्षेत्र में एंटी लार्वा दवा का छिड़काव कर सकें।
मलेरिया अधिकारी श्रुति कीर्ति वर्मा ने बताया कि डेंगू से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है और लोगों से अपील की गई है कि वे घरों के आसपास पानी जमा न होने दें।
दो सोसाइटी में किया निरीक्षण
मलेरिया विभाग ने सेक्टर-75 स्थित एपेक्स एथेना और इंडोसम सोसाइटी में निरीक्षण अभियान चलाया। यहां पर फाउंटेन समेत सभी जगहों की जांच की। सोसाइटी के बेसमेंट में हल्का सा पानी जमा मिला, उसमें लार्वा की जांच की।