मोबाइल पर लिंक भेज खाते से निकाले 1 लाख
नोएडा। चाइल्ड पीजीआई के स्टाफ नर्स के खाते से एक लाख रुपये निकाले जाने का मामला सामने आया है। साइबर जालसाज ने मोबाइल पर लिंक भेजकर खाते से पैसे निकाल लिए। पीड़ित ने कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, सेक्टर-30 स्थित चाइल्ड पीजीआई में विनीता देवी स्टाफ नर्स हैं। वह गूगल पे का इस्तेमाल करती हैं। कुछ दिन पहले गूगल पे एप से जुड़ी किसी समस्या के गूगल से कस्टमर केयर का नंबर लिया। उस नंबर पर जब उन्होंने फोन किया तो बात नहीं हो पाई। थोड़ी देर के बाद दूसरे नंबर से उनके पास फोन आया। कॉलर ने खुद को गूगल पे का एग्जीक्यूटिव बताया। उन्होंने गूगल पे से संबंधित अपनी समस्या कॉलर को बताया तो उसने मोबाइल पर एक लिंक भेजा। इस पर यूपीआई नंबर डालने के लिए कहा। जैसे ही यूपीआई पिन डाला तो उनके खाते से एक लाख रुपये निकल गए।
------------------
गूगल से नहीं लें हेल्पलाइन नंबर
अगर आपको किसी कस्टमर केयर का नंबर चाहिए तो गूगल पर सर्च कर नहीं लें। गूगल पर जालसाज अपना नाम बदलकर कस्टमर केयर के रूप में नंबर डाल रहे हैं। हाल के दिनों में इस तरह की कई वारदात हुई है। अगर आपको किसी कस्टमर केयर का नंबर लेना भी है तो उसके वेबसाइट पर जाकर लें। वेबसाइट पर भी उस एप या बैंक का पूरा यूआरएल डालें। अगर कस्टमर केयर से बात भी करें तो अपने खाते की जानकारी, यूपीआई पिन, सीवीवी, पासवर्ड आदि नहीं बताएं।