पिता-पुत्र के साथ कैब में जा रहे बर्तन व्यापारी से डेढ़ लाख लूटे
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार शाम कैब में सवार होकर पिता और पुत्र के साथ जा रहे बर्तन व्यापारी से बाइक सवार 2 बदमाशों ने डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। बदमाशों ने बच्चे का स्कूल बैग भी छीन लिया और फरार हो गए। वहीं, शिकायत मिलने पर पुलिस ने केस दर्ज कर कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है। ग्रेटर नोएडा निवासी सुधीर कुमार की दादरी स्थित जीटी रोड पर बर्तन की दुकान है। मंगलवार शाम वह कैब बुक कर दुकान से घर लौट रहे थे। साथ में उनका छोटा बेटा व पिता भी थे। तिलपता गोल चक्कर के पास दो बदमाशों ने ओवरटेक कर कैब रुकवा ली। फिर पिस्टल की बट मारकर गाड़ी का शीशा तोड़ दिया और चाबी भी अपने कब्जे में कर ली। बदमाशों ने हथियार दिखाकर बैग में रखे करीब डेढ़ लाख रुपये लूट लिए। सूरजपुर कोतवाली पुलिस का कहना है कि वारदात के लिए बदमाशों ने पहले रेकी की थी। इसके बाद योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया है।
धीमी गति से कार चला रहा था चालक
सुधीर ने बताया कि टैक्सी चालक धीमी गति से कार चला रहा था। उन्होंने उसे कई बार टोका, लेकिन वह धीरे ही चलाता रहा। तिलपता चौक के पास चालक ने रफ्तार और धीमी कर दी। इसी दौरान बदमाशों ने उन्हें लूट लिया।