नोएडा के इंजीनियरिंग कॉलेज से बीटेक करने के बाद अमेरिकी यूनिवर्सिटी में शोध कर रहे क्षितिज माल ने नेशनल एरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन (नासा) अमेरिका में भारतीय प्रतिभा का डंका बजा दिया है। 14 सदस्यीय टीम के साथ उन्होंने मंगल ग्रह के लिए दुनिया का सबसे बेहतरीन अंतरिक्ष यान डिजाइन तैयार करते हुए मार्स सोसायटी अमेरिका की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगिता जीत ली है।
दरसअल, द मार्स सोसायटी, इंस्पिरेशन मार्स और नासा द्वारा ‘इंस्पिरेशन मार्स स्टूडेंट डिजाइन कॉन्टेस्ट’ आयोजित किया था। इसमें दुनिया भर की टॉप यूनिवर्सिटी की टीमों ने हिस्सा लिया, जिसमें फाइनल के लिए 10 प्रतियोगियों को चुना गया। क्षितिज ने केइयो यूनिवर्सिटी जापान और परड्यु यूनिवर्सिटी अमेरिका की संयुक्त टीम में सिस्टम डिजाइन एंड सेफ्टी इंजीनियर की हैसियत से इस प्रोजेक्ट में अहम भूमिका निभाई।
इस टीम द्वारा तैयार यान के डिजाइन, लॉन्चिंग, यान की कार्यप्रणाली, अपनी कक्षा में प्रवेश करने, मंगल ग्रह पर उतरने, वापस आने और लैंडिंग की पूरी प्रक्रिया ने जजों को बेहद प्रभावित किया। अमेरिका, रूस, जर्मनी, पोलैंड की टीमों को पछाड़ते हुए इस टीम से ये खिताब जीता है। ईमेल के जरिये उन्होंने ये जानकारी दी।