नोएडा जोन में बिजली की मांग 2500 मेगावाट पार कर चुकी है। जून के मध्य और जुलाई में पारा और ऊपर चढ़ेगा। इस वजह से बिजली की कुल मांग में भी बढ़ोतरी होगी। इसे देखते हुए विद्युत निगम के अधिकारियों ने अभी से उपभोक्ताओं की काउंसलिंग करनी शुरू कर दी है। अधीक्षण अभियंता द्वितीय नंदलाल का कहना है कि विभाग उपभोक्ताओं को समुचित बिजली आपूर्ति देने का प्रयास कर रहा है। ट्रिपिंग और लाइन पर लोड कम करने के उद्देश्य से उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि एक साथ विभिन्न कमरों में लगे एसी को न चलाएं। वाशिंग मशीन, इलेक्ट्रानिक चूल्हा, फ्रिज, आयरन समेत अन्य बिजली से संचालित उपकरण एक साथ न चलाएं। पिछले दिनों एक साथ कई एसी चलाने पर उसमें आग लगने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं।
कटौती के समय धैर्य बनाए रखें:
ओवरलोड लाइन के कारण कई बार तकनीकी खराबी सामने आती है। इसकी सूचना पर लाइनमैन, जेई व एसडीओ स्तर के अधिकारी मौके पर मरम्मत के काम लगे होते हैं। कई बार शिकायतें आती है कि उपभोक्ताओं के फोन बिजलीकर्मी नहीं उठा रहे हैं। कई बार ऐसे वक्त में वह मरम्मत काम में जुटे होते हैं। इस वजह से फोन न उठाने पर कुछ देर धैर्य बनाए रखें और सीधे कंट्रोल रूम के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज कराने का प्रयास करें।
मरम्मत कार्य में निरंतरता के कारण हो रही बेहतर आपूर्ति
नोएडा जोन में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था सुचारु है। अधीक्षण अभियंता संजीव कुमार वैश्य का कहना है कि पिछले दिनों कराए गए विद्युत लाइनों के मरम्मत व ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि के कारण इस साल अभी तक अधिक परेशानी नहीं हुई हैं। चुनाव कार्य के दौरान भी मरम्मत व क्षमता वृद्धि का काम तेजी से कराए गए।
ये एहतियात भी जरूरी
-अपने घर के सभी विद्युत उपकरण एक साथ न चलाएं।
-सबमर्सिबल पंप, वाशिंग मशीन, प्रेस समेत उपकरण का प्रयोग सुबह छह बजे से 9 बजे के बीच ही करें।
-एसी की का तापमान 24 डिग्री के आसपास रखें और इसमें टाइमर भी सेट करें।
-एनर्जी एफिशिएंट विद्युत उपकरणों का प्रयोग करें।
-विद्युत वायरिंग ठीक रखें और अर्थिंग की जांच कर ठीक करा लें।
-मात्र सजावट और दिखावे के लिए विद्युत की फिजूल खर्ची न करें।