ग्रेटर नोएडा के दादरी कोतवाली क्षेत्र में नए गांव के पास हुई प्राधिकरण के सुपरवाइजर और सपा नेता के बेटे मोहित भाटी की हत्या के बहुचर्चित वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने वारदात में भाजपा नेता के रिश्तेदार लुहारली निवासी पुनीत को गिरफ्तार किया है।
जबकि वारदात में शामिल आरोपी का साथी गाजियाबाद निवासी गौरव फरार है। पुलिस ने वारदात में प्रयोग की गई सफेद स्विफ्ट कार व पिस्तौल बरामद कर ली है। पुलिस का दावा है कि प्रधानी के चुनाव की रंजिश और मुकदमों की पैरवी करने पर पुनीत ने मोहित भाटी की हत्या कर दी थी।
एसएसपी वैभव कृष्ण ने बताया कि 27 नवंबर 2018 की शाम सपा नेता महेश भाटी का बेटा व व ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में सुपरवाइजर मोहित भाटी निवासी लुहारली ड्यूटी से घर लौट रहा था।
इसी दौरान दादरी कोतवाली क्षेत्र के नए गांव के पास मोहित की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मोहित का शव उसकी कार के बाहर लहूलुहान हालत में मिला था। मामले में मोहित के पिता महेश भाटी ने केस दर्ज कराया था। पुलिस चार माह से वारदात के खुलासे के प्रयास में जुटी हुई थी।