नोएडा और फरीदाबाद के बीच नजदीकी बढ़ाने की कवायद तेज हो गई है। यमुना पर प्रस्तावित दो पुलों की योजना एक कदम और आगे बढ़ गई है। कंसलटेंट नियुक्ति के लिए शुक्रवार को फाइनेंशियल बिड खोल दी गई। चार कंपनियों ने इसके लिए आवेदन किया है। अगले 15 दिनों में कंसलटेंट कंपनी के चयन का दावा किया जा रहा है।
दोनों शहरों के बीच की दूरी समेटने के लिए यमुना पर दो पुल बनाने की योजना बनाई गई थी। एक्सप्रेसवे पर सेक्टर-150 से होते हुए एक पुल यमुना किनारे बसे गांव अमीपुर, कबूलपुर के पास और दूसरा पुल पर सेक्टर-168 को कनेक्ट करता हुआ फरीदाबाद के महावतपुर और लालपुर गांव पर आकर निकलेगा।
नोएडा प्राधिकरण एफएनजी (फरीदाबाद, नोएडा, गाजियाबाद) के नाम से जिस सड़क को बना रहा था, उसे इन पुलों के जरिए जोड़ा जाएगा। एफएनजी मार्ग का काम तेजी से चल रहा है। पुलों का निर्माण होने के बाद नोएडा और फरीदाबाद के बीच घंटों की बजाय मिनटों में सफर तय किया जा सकेगा।
यह भी पढ़ें: नोएडा में होगा एक और डायर्वजन!
वर्क सर्कल-9 के परियोजना अभियंता आरएस राघव ने बताया कि फाइनेंशियल बिड खुल गई है। अगले दो सप्ताह में कंसलटेंट कंपनी चयनित कर दी जाएगी। यह कंपनी फिजिबिलिटी रिपोर्ट तैयार कर छह महीने में पुलों का डिजाइन और एस्टीमेट तैयार करेगी। इसके बाद पुलों के निर्माण की निविदा प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
साल के अंत तक पुलों का निर्माण कार्य शुरू होने की उम्मीद जताई जा रही है। काम शुरू होने के बाद इन पुलों को बनने में करीब दो साल लगेंगे।