नोएडा सिटी सेंटर पर अंडरपास बनने के बाद लाखों लोगों को राहत मिलेगी, लेकिन इससे पहले डायवर्जन की आफत झेलनी होगी। शशि चौक से होशियारपुर के बीच डायवर्जन का खाका तैयार हो गया है। एक सप्ताह में इसे लागू कर दिया जाएगा।
अंडरपास के लिए मुख्य कैरिजवे के नीचे सुरंग की खुदाई का काम शुरू होने जा रहा है। ऐसे में चौराहा पार करने के लिए लोगों को लंबा चक्कर काटना होगा। योजना के मुताबिक, शशि चौक से सेक्टर-71 की तरफ जाने के लिए मेट्रो स्टेशन की सर्विस लेन पकड़नी होगी।
सेक्टर-35 से यू-टर्न लेते हुए मोरना बस अड्डे से बाएं मुड़कर होशियारपुर की तरफ जा सकेंगे। होशियारपुर से शशि चौक की तरफ जाने वाले वाहनों को सेक्टर-51 की सर्विस लेन से बाएं मुड़कर सेक्टर-50 की तरफ जाना होगा। यहां सेक्टर-51/39 से यू-टर्न लेकर वाहन वापस सिटी सेंटर मेट्रो स्टेशन की सर्विस लेन से शशि चौक की तरफ जा सकेंगे।
एमपी-थ्री मार्ग पर एक और यू-टर्न
सिटी सेंटर से होशियारपुर के बीच लगने वाले जाम से छुटकारा दिलाने के लिए एमपी-थ्री मार्ग पर एक और यू-टर्न बनाया जाएगा। गलत दिशा में दौड़ने वाले वाहनों की वजह से सेक्टर-51 चौकी तिराहा और होशियारपुर गेट तिराहा सुबह-शाम जाम से जूझता रहा है।
वाहन चालक गलत दिशा का प्रयोग न करें, इसको ध्यान में रख सेक्टर-51 से होशियारपुर के बीच यू-टर्न बनाया जाएगा। प्राधिकरण की ट्रैफिक सेल ने इस प्रस्ताव को मंजूर कर लिया है।
दादरी फाटक पर लंबा होगा डिवाइडर
दादरी रेलवे फाटक पर गलत दिशा में चलने वाले वाहन न सिर्फ जाम की वजह बन रहे हैं, बल्कि हादसों का खतरा भी यहां मंडरा रहा है। ग्रेटर नोएडा और दादरी मार्ग पर डिवाइडर की लंबाई छोटी होने के कारण यह समस्या उत्पन्न होती है।
इससे निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी को एक प्लान भेजा है। इसके मुताबिक ग्रेटर नोएडा और दादरी मार्ग पर डिवाइडर की लंबाई 200 मीटर तक बढ़ाने का सुझाव दिया गया है।
अट्टा मार्ग पर नहीं लगेगा जाम
अट्टा मार्ग पर जाम से निपटने के लिए ट्रैफिक पुलिस की तरफ से लंबी चौड़ी तैयारी की गई हैं। चाइना कट तिराहे के पास सेक्टर-18 के प्रवेश मार्ग को दोनों ओर से चौड़ा किया जाएगा। सेक्टर-18 के अंदर से मेट्रो स्टेशन की तरफ जाने के लिए वाहनों को अट्टापीर चौराहे से यू-टर्न लेना होगा।
सुधरेगा रजनीगंधा अंडरपास यू-टर्न
रजनीगंधा चौराहे पर बने अंडरपास के ऊपर यू-टर्न ट्रैफिक के लिए बाधा बनने लगा है। डीएनडी और सेक्टर-37 की ओर से सेक्टर-12/22/56 की तरफ जाने वाली बसें अंडरपास के ऊपर बने यू-टर्न की दिवारों के कारण मुड़ नहीं पाती। इससे दिनभर चौराहे पर जाम जैसे हालात बने रहते हैं। इससे निपटने के लिए अंडरपास पर बने यू-टर्न की दिवारों को दोनों ओर से तीन-तीन फिट तोड़ा जाएगा।
शॉप्रिक्स मॉल कट किया जाएगा बंद
शॉप्रिक्स मॉल तिराहे पर सर्विस लेन से आवाजाही करने वाले वाहन सुबह-शाम जाम जैसे हालात बना देते हैं। इन कटों को ट्रैफिक पुलिस ने कई बार जर्सी बैरियर लगाकर बंद किया, लेकिन शॉर्टकट के लिए वाहन चालक बैरियर हटा देते हैं। इस समस्या से हमेशा के लिए छुटकारा दिलाने को शॉप्रिक्स मॉल कट स्थायी रूप से बंद किया जाएगा।
एसपी ट्रैफिक आरएन मिश्र के अनुसार ट्रैफिक को रफ्तार देने के लिए सर्वे के आधार पर कई जगह सुधार की जरूरत समझी गई है। इसको लेकर एक प्लान प्राधिकरण को भेजा गया था। इस पर काम होने के बाद निश्चित तौर पर जाम से राहत मिलेगी।