मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बृहस्पतिवार को गौतमबुद्धनगर आएंगे। वह पहले जेवर में नोएडा एयरपोर्ट के निर्माण कार्य का निरीक्षण करने पहुंचेंगे। इसके बाद नोएडा में निजी अस्पताल का लोकार्पण करेंगे। मुख्यमंत्री के कार्यक्रम के मुताबिक वह दोपहर 12:45 बजे हेलीकॉप्टर से गाजियाबाद के हिंडन एयरपोर्ट से नोएडा एयरपोर्ट पहुंचेंगे।
सीएम की फ्लीट का रिहर्सल
पुलिस टीमों ने नोएडा हवाई अड्डे पर सीएम के दौरे के मद्देनजर हैलीपैड से एनआईए कार्यालय, एनआईए कार्यालय से रैली स्थल और वापस हेलीपैड तक चलने वाली फ्लीट का रिहर्सल किया।
अधिकारियों ने तैयारियों को दिया अंतिम रूप
मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर बुधवार को अधिकारियों ने तैयारियों को अंतिम रूप दिया। समीक्षा बैठक के दौरान रखे जाने वाले बिंदुओं की रिपोर्ट तैयार की गई है। सीएम ने पिछले दौरे के दौरान कई निर्देश दिए थे। जसे पूरा कराने में अधिकारी जुटे रहे।
मुख्यमंत्री एयरपोर्ट पर किए गए कार्यों का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद सीएम एयरपोर्ट पर संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे।
- शैलेंद्र भाटिया, नोडल अधिकारी नोएडा हवाईअड्डा
सुरक्षा के चाक चौबंद इंतजाम कुछ देर के लिए होगा डायवर्जन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नोएडा-ग्रेनो दौरे के दौरान सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध किए गए हैं। इसके लिए करीब दो हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात होंगे। इनमें पांच कंपनी पीएसी से लेकर लगभग एक हजार पुलिसकर्मी आसपास के जनपद के होंगे। सीएम दौरे के लिए कार्यक्रम स्थल के आसपास ट्रैफिक डायवर्जन भी रहेगा।
डीसीपी यमुना प्रसाद ने बताया कि कार्यक्रम स्थल व आसपास के इलाकों में पुलिस की तैनाती बृहस्पतिवार सुबह की जाएगी। कार्यक्रम के मद्देनजर ट्रैफिक पुलिस ने डायवर्जन प्लान तैयार किया है। बृहस्पतिवार दोपहर 1 बजे से शाम 4 बजे के बीच अल्प समय के लिए कुछ स्थानों पर ट्रैफिक डायवर्जन किया जाएगा। यह डायवर्जन चिल्ला, डीएनडी फिल्म सिटी, महामाया फ्लाईओवर से लेकर नोएडा-ग्रेटर नोएडा जीरो प्वाइंट पर होगा।