नए साल से 7 जनवरी तक बदमाशों ने एक के बाद एक बेखौफ होकर लूट, डकैती, हत्या, चोरी और रेप की कोशिश कर पुलिस को खुली चुनौती दी। लेकिन थानेदार हाथ मलने के अलावा खास नहीं कर सके। वारदातों से लोग दहशत में हैं। क्राइम का ग्राफ सात दिनों में इस कदर बढ़ा कि जिलाधिकारी एनपी सिंह भी अचरज में है। डीएम ने पुलिस अफसरों की बैठक बुलाने की बात कही है।
पिछले साल पुलिस बदमाशों से निपटने में नाकाम रही थी। वर्ष 2016 के शुरुआत में भी ऐसा ही हाल है। हर मोर्चे पर पुलिस फेल हो रही है। पुलिस कप्तान किरण एस के चार दिन की छुट्टी पर जाने के बाद थानेदार मौज काट रहे हैं। हालांकि एसएसपी की मौजूदगी में भी तीन दिन तक बदमाशों ने वारदातों को अंजाम दिया। आज एसएसपी जिले में पहुंचेंगे। शायद यहां आने के बाद उन्हें एहसास हो कि ताबड़तोड़ वारदातों से लोगों का सुख- चैन छिन गया।
सात दिन के घटनाक्रम ने सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। दिनदहाड़े बीएचयू की छात्रा से रेप का प्रयास किया गया। बदमाश उससे लैपटॉप और पर्स लूट कर फरार हो गए। कासना थाने से 100 मीटर की दूरी पर 12 बदमाशों ने व्यापारी के घर डाका डाला और 30 लाख की लूट कर फरार हो गए।
वहीं नर्स का अपहरण का उसकी हत्या कर शव खेत में फेंक दिया। बुलंदशहर की बुजुर्ग महिला का गला रेत हत्या कर दी गई। ज्ञात हो कि पिछले साल दिनदहाड़े अंकित चौहान हत्याकांड का खुलासा अब तक पुलिस नहीं कर सकी। दनकौर थाने के पास ही बैंक में डकैती डालने वाले बदमाश पुलिस गिरफ्त से दूर हैं।
एक नजर में वारदात
1 जनवरी : नॉलेज पॉर्क इलाके में बीटेक के दो छात्रों पर जानलेवा हमला कर बाइक सवार चार बदमाशों ने मोबाइल और नगदी लूटी।
2 जनवरी: फेस-3 इलाके में युवक से बाइक सवार बदमाशों ने बाइक और मोबाइल लूटा।
3 जनवरी : सेक्टर-20 इलाके में सॉफ्टवेयर इंजीनियर से मोबाइल लूट।
4 जनवरी : सेक्टर-58 इलाके में बीएचयू की छात्रा से रेप का प्रयास और लूट कर फरार हुए बदमाश। उसी दिन जेवर इलाके से नर्स का अपहरण कर हत्या की गई।
5 जनवरी: दनकौर इलाके में बुलंदशहर निवासी बसंती (80) की गला रेत कर हत्या। उसी दिन बिसरख क्षेत्र में गौर सिटी स्थित 20 फ्लैट में चोरी की वारदात को अंजाम दिया गया।
6 जनवरी : कासना थाने से 100 मीटर की दूरी पर हथियारबंद 12 बदमाशों ने व्यापारी के घर 30 लाख की डकैती डाली।
7-जनवरी : सूरजपुर में युवक को लूटा, यमुना एक्सप्रेसवे पर साबौता के पास लूट के अलावा ग्रेनो में प्रॉपर्टी डीलर को गोली मारी।