'कोई डरा हुआ नहीं है'
प्रेस वार्ता में जब उनसे नामों के एलान में देरी के पीछे किसी डर के बारे में पूछा गया तो जयराम रमेश ने कहा कि अभी देर नहीं हुई है। भाजपा ने भी अभी तक रायबरेली से उम्मीदवार का एलान नहीं किया है। स्मृति ईरानी अमेठी से मौजूदा सांसद हैं। कोई डर हुआ नहीं है। पार्टी में उम्मीदवारी को लेकर विचार चल रहा है। तीन मई तक कोई देरी नहीं हुई है।
राहुल नहीं तो किशोरी लाल अमेठी से लड़ सकते हैं चुनाव
सोनिया गांधी के सांसद प्रतिनिधि और पार्टी के राष्ट्रीय सचिव किशोरी लाल शर्मा अमेठी पहुंच गए हैं। बैठकों का दौर शुरू हो गया है। कहा जा रहा है कि राहुल गांधी के अमेठी से चुनाव न लड़ने की स्थिति में किशोरी लाल शर्मा भी इस सीट से उम्मीदवार हो सकते हैं। हालांकि, कांग्रेस के कार्यकर्ता राहुल गांधी को चुनाव लड़ाने की मांग कर रहे हैं।
रायबरेली से भी लड़ सकते हैं राहुल
भाजपा की तरफ से अमेठी से पिछली बार की विजेता सांसद स्मृति ईरानी इस बार भी मैदान में हैं और राहुल गांधी पर जोरदार हमले भी कर रही हैं। कयास यह भी लगाए जा रहे हैं कि राहुल गांधी अपनी मां सोनिया गांधी की सीट रायबरेली से चुनाव लड़ सकते हैं।