देश के गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि यदि पाकिस्तान ने अब दोबारा सीज फायर का उल्लंघन किया तो हमारे जवान उसका मुंहतोड़ जवाब देंगे।
हमारे जवान 16 बार पाकिस्तान को सफेद झंडा दिखाकर फायरिंग रोकने का संदेश दे चुके हैं, लेकिन अब 17वीं बार वे भी अंधाधुंध फायरिंग कर उसी की भाषा में जवाब देंगे।
रविवार को हथीन में विजय संकल्प यात्रा के समापन पर पूर्व मंत्री हर्ष कुमार द्वारा आयोजित रैली में गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा की सरकार ने एजेंडे में चार बिंदुओं को रखा है।
देश के प्रत्येक किसान की जेब में दाम होना चाहिए, देश के प्रत्येक जवान के हाथ को काम होना चाहिए। देश के हर घर का चूल्हा गर्म और देश का बाजार नरम होना चाहिए।
'पट्रोल सस्ता कर दिया अब डीजल की बारी'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यह संकल्प लिया है कि किसान के हर खेत तक पानी पहुंचे, इसके लिए प्रधानमंत्री सिंचाई योजना शुरू की है। वहीं आम गरीब आदमी को लाभ पहुंच सके इसके लिए केंद्र सरकार ने जन-धन योजना शुरू की है।
इसके तहत एक ही दिन में करोड़ों लोगों ने बैंकों में खाते खुलवाकर रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने एक सशक्त सरकार बनाई है, जो हर परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार है।
उन्होंने कहा कि 100 दिन के शासन काल में सरकार ने लगातार पेट्रोल के भाव कम किए हैं, वहीं जल्द ही डीजल के रेट भी कम किए जाएंगे।
गृहमंत्री ने कहा कि हरियाणा में बेरोजगारों की फौज है, केंद्र सरकार हरियाणा के युवाओं के लिए अच्छी नीतियां बनाएगी, ताकि युवाओं को रोजगार मिल सके।
उन्होंने पूर्व मंत्री हर्ष कुमार के पैरा मिलिट्री फोर्स का भर्ती केंद्र खोलने की मांग पर कहा कि यहां के युवाओं को निराश नहीं करेंगे।
गृहमंत्री का भाजपाइयों ने किया भव्य स्वागत
भाजपा के विजय संकल्प यात्रा के समापन अवसर पर पलवल के हथीन क्षेत्र में जा रहे केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत का फरीदाबाद में भाजपाइयों ने स्वागत किया और पार्टी को चुनाव में भारी मतों से जिताने का वादा किया।
भारतीय जनता पार्टी द्वारा हरियाणा विधानसभा चुनाव को देखते हुए पूरे प्रदेश में विजय संकल्प यात्रा की शुरुआत की गई है। रविवार को हथीन में इसका समापन हो गया। समापन अवसर पर कार्यक्रम में शामिल होने के लिए गुड़गांव से कें द्रीय राज्यमंत्री राव इंद्रजीत एवं दिल्ली से गृहमंत्री राजनाथ सिंह फरीदाबाद होते हुए हथीन गए।
इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राव इंद्रजीत का वाईएमसीए के पास तथा गृहमंत्री राजनाथ सिंह का अजरौंदा चौक पर काफिला रोककर उनका स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने चुनाव में रिकार्ड मतों से भाजपा प्रत्याशियों को जिताने का भी वादा किया।