केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह ने कहा कि पाकिस्तान से युद्ध नहीं बातचीत होनी चाहिए। युद्ध किसी समस्या का हल नहीं है। उन्होंने कहा कि राम मंदिर भाजपा के एजेंडे में है, मगर कब बनेगा यह नहीं कहा जा सकता।
बुधवार को गुलावठी के गांवों में जनसभा से पूर्व वीके सिंह ने भाजपा कार्यकर्ता अनिमेश अगस्तीन के आवास पर प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह बातें कहीं।
वीके सिंह ने प्रदेश सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि अखिलेश सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा उत्तर प्रदेश में सबसे मजबूत विकल्प है।
वीके सिंह
- फोटो : अमर उजाला
पाकिस्तान में भारतीय बंदियों के विषय में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि बंदियों की रिहाई की प्रक्रिया जारी है। मुस्लिम प्रचारक जाकिर नाईक के बारे में वीके सिंह ने कहा कि जाकिर नाईक के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई है, जांच चल रही है।
जम्मू- कश्मीर के मौजूदा हालात पर उन्होंने कहा कि मामले पर गृह मंत्रालय लगातार नजर बनाए हुए है। राज बब्बर के उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने पर उन्होंने इसे कांग्रेस का अंदरूनी मामला बताते हुए प्रतिक्रिया देने से इंकार कर दिया।
वीके सिंह ने स्वतंत्रता आंदोलन में शहीद हुए देशभक्तों के स्मारक पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। गुलावठी आगमन पर वीके सिंह का भाजपा जिलाध्यक्ष हिमांशु मित्तल, सांसद प्रवास कार्यक्रम के जिला संयोजक प्रताप सिंह, विधायक बिमला सोलंकी, देवेंद्र सोलंकी, भाजपा किसान मोर्चा के पश्चिमी उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र सिंह खटाना, रमेश चंद जैन, अनिल सिंहल, संजीव तेवतिया, राजेश अग्रवाल, सुंदरपाल तेवतिया, अशोक बिधूड़ी, राजीव सैनी, प्रिंस तेवतिया, अजय कंसल, शौर्य चक्र विजेता स्वरूप सिंह, सुनील कुमार, विनोद कुमार ने स्वागत किया।