सोहना रोड पर भारी वाहनों की वजह से लगने वाले जाम और हादसों से निपटने के लिए तमाम कदम उठाए गए, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। अब एक और नया फॉर्मूला अपनाया गया है। सोहना रोड पर सुबह-शाम भारी वाहनों की नो एंट्री आज से लागू होने जा रही है।
एसीपी मुजेसर राजेश चेची ने बुधवार को ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के साथ बैठक कर बृहस्पतिवार से लागू हो रहे नो एंट्री के नियम को सख्ती से लागू करने पर मंथन किया। पुलिस रिकार्ड के अनुसार पिछले छह महीनों में सोहना रोड पर भारी वाहनों के कारण हुए हादसों में 30 लोगों की मौत हो चुकी है।
जिसके बाद पुलिस ने नो-एंट्री लागू करने की योजना बनाई थी। इसके लिए एसीपी मुजेसर ने ट्रैफिक पुलिस और एसएचओ मुजेसर के साथ मिलकर नो एंट्री का खाका तैयार किया था। नो एंट्री के दौरान सोहना रोड पर भारी वाहन प्रवेश न कर सकें, इसके लिए तीन जगह नाके लगाए जाएंगे। सेक्टर-55 कट, गाजीपुर मोड़ और पाली गांव कट पर नाके लगाकर वाहनों को रोकने के लिए पुलिस तैनात रहेगी।
हाईवे पर भी सख्ती से लागू होगा नियम
नेशनल हाईवे पर भारी वाहनों की नो एंट्री का नियम पहले से ही है लेकिन पुलिस की लापरवाही के चलते नो एंट्री के दौरान भारी वाहन हाईवे पर दौड़ते हैं। हाईवे पर सिक्सलेन प्रोजेक्ट का काम चलने और बारिश की वजह से ट्रैफिक का हाल बेहाल हो गया है। ऐसे में एक बार फिर ट्रैफिक पुलिस हरकत में आई है और दोबारा से हाईवे पर नो एंट्री को प्रभावी बनाने के लिए एडवाइजरी जारी की गई है।
पल्ला पुल पर भी नो एंट्री का नियम
पल्ला पुल पर जाम की समस्या लगातार गहरा रही है। संकरा होने के चलते इस पुल पर दिनभर वाहन फंसे रहते हैं। दस पुलिसकर्मियों को यहां तैनात किया गया है लेकिन फिर भी जाम से निजात नहीं मिल पाती है। ऐसे में ट्रैफिक पुलिस ने यहां भी भारी वाहनों की नो एंट्री का नियम लागू कर जाम से निपटने का नया रास्ता अख्तियार किया है।
‘सोहना रोड पर भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री का समय नहीं था। भारी वाहन 24 घंटे चलतेे हैं। जिनके कारण रोड पर जाम की स्थिति बनी रहती है और हादसों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। इसके लिए भारी वाहनों के लिए नो-एंट्री लागू की गई है।’
राजेश चेची, एसीपी मुजेसर
नो-एंट्री का समय
सोहना रोड
सुबह 7 से 11 बजे तक
शाम 4 से रात 9 बजे तक
नेशनल हाईवे
सुबह 7 से 10 बजे तक
शाम 5 से रात 9 बजे तक
पल्ला पुल
सुबह 7 बजे से 11 बजे तक
शाम 4 से रात 10 बजे तक