नोएडा और ग्रेटर नोएडा नोएडा मेट्रो के संचालन और देखरेख में दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) नोएडा मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (एनएमआरसी) का सहयोग करेगा।
इस संबंध में दिल्ली के मेट्रो भवन में शुक्रवार को डीएमआरसी और एनएमआरसी के बीच एक एमओयू पर हस्ताक्षर हुए। एमओयू के तहत डीएमआरसी नोएडा-ग्रेटर नोएडा मेट्रो के 29.7 किलोमीटर लंबे रूट पर मेट्रो संचालन और मेटिनेंस में सहयोग करेगा।
यह करार तीन साल के लिए हैं। जिसे जरूरत पड़ने पर आपसी सहमति से दो साल तक और बढ़ाया जा सकता है। एमओयू पर डीएमआरसी के प्रबंध निदेशक मंगू सिंह और एनएमआरसी के प्रबंध निदेशक संतोष यादव की मौजूदगी में एनएमआरसी के जनरल मैनेजर (फाइनेंस) पीडी उपाध्याय और डीएमआरसी के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर (ऑपरेशंस) विकास कुमार ने हस्ताक्षर किए।
मेट्रो संचालन से पहले स्थायी और संविदा स्टाफ की नियुक्ति डीएमआरसी एनएमआरसी की सलाह से करेगा। मेट्रो संचालन के लिए स्टाफ का प्रशिक्षण, स्टेशन और राजस्व प्रबंधन आदि प्रशिक्षण डीएमआरसी देगी।
इस अवधि में ओपन कंट्रोल सेंटर और डिपो का संचालन डीएमआरसी की देखरेख में होगा। 21 मेट्रो स्टेशनों के इस कॉरीडोर का निर्माण कार्य डीएमआरसी देख रहा है। डीएमआरसी को कई अन्य मेट्रो के योगदान के साथ जयपुर मेट्रो के फेज वन के तहत 9.25 किलोमीटर लंबे मेट्रो संचालन का श्रेय भी जाता है।