नई दिल्ली। प्रतियोगिता के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले में एनएमएफसी नॉर्थ ईस्ट ने एनएमएफसी गाजियाबाद को 4-0 से हराकर फाइनल में जगह बना ली है। शांतनु महौर ने अकेले चारों गोल दागकर टीम की जीत सुनिश्चित की।
मुकाबले की शुरुआत से ही एनएमएफसी नॉर्थ ईस्ट ने आक्रामक खेल दिखाया। शांतनु महौर ने पांचवें मिनट में पहला गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद उन्होंने दसवें मिनट में दूसरा गोल कर विपक्षी टीम पर दबाव बढ़ाया। दूसरे हाफ में भी शांतनु का शानदार प्रदर्शन जारी रहा। उन्होंने 20वें मिनट में अपना तीसरा गोल पूरा करते हुए हैट्रिक दर्ज की। 28 वें मिनट में चौथा गोल कर मैच को पूरी तरह एकतरफा बना दिया। एनएमएफसी गाजियाबाद की टीम पूरे मुकाबले में वापसी नहीं कर सकी। शांतनु महौर को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। संवाद