प्राधिकरण के करोड़पति चौकीदार नितिन राठी के अब एक नए ठिकाने का खुलासा हुआ है। पता चला है कि नितिन नोएडा स्टेडियम के अलावा खोड़ा के एक आलीशान ऑफिस में बैठकर अपना काला कारोबार चलाता था।
चौकीदार की ठगी के शिकार 14 लोग बृहस्पतिवार को शिकायत दर्ज कराने प्राधिकरण पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को आपबीती बताई। राठी के खिलाफ बयान दर्ज कराने वालों की संख्या अब 25 हो चुकी हैं।
बृहस्पतिवार को 14 शिकायकर्ताओं ने प्राधिकरण कार्यालय में शपथ पत्र दिए। इन सभी के बयानों के मुताबिक 39.89 लाख रुपये प्राधिकरण में जमा कराए गए थे, जबकि 35.80 लाख रुपये लाइजनिंग के रूप नितिन को दिए गए थे।
जांच अधिकारी एनपी जयसवाल के मुताबिक शिकायकर्ताओं से पता चला है कि नितिन राठी ने नोएडा के एक मशहूर मॉल के नाम पर खोड़ा में बनी इमारत में अपना आलीशान दफ्तर बनाया हुआ था।
राठी के साथी प्लॉट और फ्लैट दिलाने के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर इसी ठिकाने पर लाते थे। पूरे मामले में उसके पीएसओ (पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर) की बड़ी भूमिका बताई जा रही है।
अब प्राधिकरण बयान दर्ज कराने के लिए पीएसओ को भी बुलाएगा। जांच अधिकारी ने बताया कि 30 जनवरी को बयान दर्ज कराने की अंतिम तारीख है। इसके बाद एक-एक शिकायकर्ता को बुलाकर बयान रिकॉर्ड किए जाएंगे।
नितिन राठी ने नोएडा में आशियाने का सपना देखने वाले एक परिवार के छह लोगों से ठगी की थी। इन्होंने सेक्टर-122 में ईडब्ल्यूएस फ्लैट के लिए नितिन राठी को जिंदगीभर की जमापूंजी दे दी। उन्हें न तो आशियाना और न ही रुपये वापस मिले।
नितिन राठी के जाल में फंसे लोगों की बैचेनी उस समय बढ़ गई, जब उसका मोबाइल लंबे समय तक स्विच ऑफ हो गया। पता चला है कि फर्जीवाड़े में फंसाने के लिए नितिन लोगों को अलग-अलग नंबर देता था और पैसा वसूलने के बाद उन्हें बंद कर देता था। शिकायतकर्ताओं ने प्राधिकरण को नितिन के कई मोबाइल नंबर मुहैया कराए हैं।