अपनी मां के जुल्म का शिकार हुई नौ माह की बच्ची को एयरलिफ्ट कर सोमवार को दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में भर्ती किया गया। आईजीआई इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अस्पताल के बीच करीब 12 किलोमीटर की दूरी महज 13 मिनट में पूरी की गई।
बच्ची की नाजुक हालत को देखते हुए गंगाराम अस्पताल में उसे वेंटिलेटर पर रखा गया है, जहां वे जिंदगी और मौत से जूझ रही है। दरअसल, बच्ची को उसकी मां ने कुएं में फेंक दिया था। बच्ची को जन्म देने के बाद से उसकी मां डिप्रेशन में आ चुकी थी। उसका रांची के अस्पताल में इलाज भी चल रहा था। बच्ची को रांची के एक नजदीकी अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था।
बाद में उसे कृत्रिम सांस देकर बचाने के बाद एयरलिफ्ट कर दिल्ली लाया गया। यहां ग्रीन कॉरिडोर बनाकर दिल्ली के गंगाराम अस्पताल में दाखिल किया गया। अस्पताल के निदेशक (बाल रोग विभाग)डॉ. अनिल सचदेवा के मुताबिक बच्ची की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। उसे आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखा गया है।