मुख्य आरोपी तौसिफ और उसका साथी रेहान
- फोटो : अमर उजाला
निकिता हत्याकांड में तौसीफ के साथ वारदात में शामिल रेहान का रिमांड शुक्रवार को खत्म हो गया। वीडियो कांफ्रेंसिग से हुई पेशी के बाद न्यायालय ने उसे जेल भेज दिया। रिमांड के दौरान रेहान ने पुलिस को बताया कि उसने दोस्ती के चक्कर मे आकर अपनी जिंदगी खराब कर ली। वह नहीं जानता था कि तौसीफ निकिता को गोली मार देगा।
रेहान ने पुलिस पूछताछ में बताया कि तौसीफ ने उसे कहा था कि बल्लभगढ़ में निकिता से मिलवा कर लाता हूं। तौसीफ की पिछली हरकत से रेहान को उम्मीद थी कि तौसीफ निकिता को जबरन कार में बैठाएगा, मगर जब तौसीफ ने वहां तमंचा निकाल लिया तो वह घबरा गया। रेहान के परिवार में चार भाई बहन हैं। बड़ा भाई शादीशुदा है और दो छोटी बहन हैं।
पुलिस के मुताबिक रेहान का पुराना कोई अपराधिक रिकार्ड नहीं है। वह केवल कॉलेज की दोस्ती के कारण तौसीफ को जानता था।