शिवरात्रि और जुमा अलविदा एक साथ होने के चलते शुक्रवार को अफसरों ने कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था का खाका तैयार किया। जलाभिषेक और नमाज के दौरान कई स्थानों पर ट्रैफिक रोका जाएगा।
वहीं, एनएच-58, जीटी रोड समेत कई मार्गों पर एक लेन कांवड़ियों के लिए आरक्षित रहेगी जबकि दूसरी पर नमाज अता होगी।
यहां रोका जाएगा ट्रैफिक
जुमे की नमाज के चलते जीटी रोड पर भाटिया मोड़ के करीब दो घंटे ट्रैफिक को डायवर्ट किया जाएगा। भाटिया मोड़ के पास फ्लाईओवर के नीचे एक घंटे तक किसी भी प्रकार के वाहन के संचालन की अनुमति नहीं होगी।
शहर की ओर जाने वाले भारी वाहन लाल कुआं के पास से लोहा मंडी होते हुए विवेकानंद नगर फ्लाई ओवर से ही शहर में प्रवेश कर सकेंगे।
जीटी रोड पर चौधरी मोड़ से ठाकुर द्वारे की ओर किसी वाहन को नहीं जाने दिया जाएगा।
जीटी रोड पर लालकुआं से मोहनगर की ओर जाने वाले वाहन अंबेडकर रोड होते हुए वाया पुराना बस अड्डा होकर ही आगे जा सकेंगे।
हाईवे-58 पर सिहानी चुंगी के पास स्थित मस्जिद में नमाज के चलते यहां एक घंटे के लिए ट्रैफिक को या तो रोका जाएगा, या फिर वाया राजनगर एक्सटेंशन से निकाला जाएगा। सड़क के दूसरी ओर कांवड़ियों की संख्या को देखते हुए यहां अतिरिक्त पुलिस और पीएसी बल तैनात किया जाएगा।
पुराने बस अड्डे के पास मालीवाड़ चौक से वसंत सिनेमा की ओर आवागमन करने वाले ट्रैफिक को भी नमाज के दौरान रोक दिया जाएगा।