अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। राष्ट्रीय हरित प्राधिकरण (एनजीटी) ने छतरपुर के भाटी खुर्द इलाके में महाबलीपुरम ग्रीन स्थित वन भूमि पर कुछ फार्महाउस मालिकों द्वारा कथित अतिक्रमण और अवैध पुल निर्माण की शिकायत पर दिल्ली सरकार समेत अन्य संबंधित पक्षों से जवाब मांगा है। एनजीटी की बेंच ने इस मामले की सुनवाई करते हुए याचिकाकर्ता की मांग पर संज्ञान लिया है। याचिका में महाबलीपुरम ग्रीन, भाटी खुर्द, छतरपुर स्थित वन विभाग की भूमि पर हुए सभी अवैध निर्माणों और अतिक्रमण को हटाने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश देने की मांग की गई है।
न्यायिक सदस्य अरुण कुमार त्यागी तथा विशेषज्ञ सदस्य अफरोज अहमद और ए सेंथिल वेल की बेंच ने याचिका सुनी। याचिका में आरोप लगाया गया है कि कुछ फार्महाउस मालिकों ने वन भूमि पर अतिक्रमण कर अवैध रूप से पुल का निर्माण कराया है। एनजीटी ने मामले में दिल्ली सरकार, वन विभाग और अन्य संबंधित अधिकारियों से जवाब तलब किया है। अगली सुनवाई में जवाबों के आधार पर आगे की कार्यवाही की जाएगी।