-सीबीएसई और इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलियरी साइंसेज शुरू करेंगे वाई-स्माइल्स स्वास्थ्य कार्यक्रम
-11 से 17 वर्ष के विद्यार्थियों में फैटी लिवर रोग की रोकथाम पर रहेगा फोकस
-कार्यक्रम में भाग लेने वाले स्कूलों को विद्यार्थियों के स्वास्थ्य के प्रति योगदान के लिए सीबीएसई हेल्थ प्रमोटिंग स्कूल के रूप में मान्यता भी देगा
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने किशोरों की सेहत सुधारने की दिशा में कदम बढ़ाया है। सीबीएसई और इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलियरी साइंसेज (आईएलबीएस) के सहयोग से अपने संबद्ध स्कूलों में 11 से 17 वर्ष आयु वर्ग के विद्यार्थियों के लिए वाई स्माइल्स (यंग-स्ट्रांगर इंडिया एजुकेशन सिस्टम) कार्यक्रम शुरू करने जा रहा है। यह कार्यक्रम तीन-तीन महीने के चरणों में संचालित किया जाएगा। इसका फोकस 11 से 17 वर्ष के विद्यार्थियों में फैटी लिवर रोग की रोकथाम पर रहेगा।
सीबीएसई के अनुसार यह एक वैज्ञानिक व साक्ष्य-आधारित स्कूल स्वास्थ्य पहल है, जिसका उद्देश्य किशोरों में नॉन-अल्कोहलिक फैटी लिवर बीमारी की रोकथाम के लिए प्रारंभिक जांच, स्वास्थ्य शिक्षा और चिकित्सीय परामर्श उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम में भागीदारी पूरी तरह स्वैच्छिक होगी और प्रत्येक चरण में अभिभावकों की सहमति अनिवार्य रहेगी। कार्यक्रम में भाग लेने वाले स्कूलों को विद्यार्थियों के स्वास्थ्य के प्रति योगदान के लिए सीबीएसई हेल्थ प्रमोटिंग स्कूल के रूप में मान्यता भी दी जाएगी।
इसकी विशेषता है कि इसमें स्कूल, विद्यार्थियों और अभिभावकों पर किसी प्रकार का आर्थिक बोझ नहीं होगा। पढ़ाई में व्यवधान भी नहीं आएगा। सीबीएसई ने कार्यक्रम में हिस्सा लेने के इच्छुक स्कूलों से एक शिक्षक को स्कूल नोडल अधिकारी नामित करने और अभिभावकों को कार्यक्रम की जानकारी देने को कहा है। बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि कार्यक्रम में भाग लेने वाले स्कूलों को विद्यार्थियों के स्वास्थ्य के प्रति विशेष योगदान के लिए सीबीएसई हेल्थ प्रमोटिंग स्कूल के रूप में मान्यता भी देगा।
इस प्रोग्राम के तहत छात्रों की व्यापक स्वास्थ्य जांच (एंथ्रोपोमेट्री सहित रक्तचाप व लिवर जांच होगी। बिना चीरा लगाए फाइब्रोस्कैन जांच होगी। रक्त जांच, ग्लूकोज, कोलेस्ट्रॉल, लिवर एंजाइम्स के लिए अभिभावकों की सहमति जरूरी होगी। व्यक्तिगत स्वास्थ्य रिपोर्ट (केवल अभिभावकों) को सीलबंद लिफाफे में साझा की जाएगी।