फरीदाबाद के खेड़ी पुल से ददसिया गांव तक बनने वाली सड़क के निर्माण में ठेकेदार पर घटिया सामग्री का इस्तेमाल करने का आरोप लगा है।
इससे नाराज ददसिया गांव के लोग बृहस्पतिवार को सड़क पर उतरे और निर्माण कार्य रुकवा दिया। ग्रामीणों ने कहा कि पीडब्ल्यूडी के कार्यकारी अभियंता दिलबाग सिंह ढांढ़ा को कई बार सड़क निर्माण में घटिया सामग्री के इस्तेमाल होने की जानकारी दी गई।
उन्होंने खुद ठेकेदार से सड़क का निर्माण कार्य रोकने को कहा था। लेकिन ठेकेदार ने मनमानी करते हुए निर्माण कार्य जारी रखा। घटिया सामग्री के चलते एक ही दिन में सड़क और किनारे बनी नाली भी अभी से टूटने लगी है।
अधिकारी के आदेश को दरकिनार करने पर ठेकेदार के खिलाफ ग्रामीण आक्रोशित हो गए। गांव के किशन त्यागी, नीरज त्यागी, प्रमोद गोयल, बनारसी त्यागी, श्याम, प्रहलाद, वेदपाल, विजय, फंटी त्यागी, राजबीर, नानक चंद एवं ईश्वर ने बताया कि ठेकेदार को गांव से भगा दिया गया है।
लेकिन मनमानी पर उतारू ठेकेदार ने फरीदाबाद की तरफ से वजीरपुर गांव के बाहर सड़क को उसी मैटेरियल से बनाना शुरू कर दिया।
सरपंच शिव कुमार त्यागी ने बताया कि इस मामले को गंभीरता से लेते हुए शुक्रवार सुबह 8 बजे गांव के शिव मंदिर में ददसिया, किडावली, ढ़ाढर, शेरपुर, लालपुर, महावतपुर, भूपानी, देहा, रिवाजपुर, टिकावली, बादशाहपुर, पलवली, वजीरपुर एवं मवई गांव के लोगों की पंचायत बुलाई गई है।
इसके बाद सभी जिला उपायुक्त कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन देंगे।