नए साल को देखते हुए मॉल्स, रेस्त्रां, पब और बार तैयार हो चुके हैं। इस दिन से ही कई नए रेस्त्रां अपनी शुरुआत करेंगे जबकि अपनी खास डिशेज के लिए मशहूर रेस्त्राओं में पहले से ही बुकिंग चल रही है।
पब और बार ने भी लुभावने ऑफर रखे हैं। बुधवार को शहर का दिल कहे जाने वाला सेक्टर-18 देर रात तक गुलजार रहेगा। नए साल का स्वागत लोग जमकर जश्न मनाकर करेंगे। बुधवार को सेक्टर-18 और अन्य स्थानों में पब में देर रात तक लोग झूमेंगे।
जीआईपी मॉल स्थित पब ‘आइस क्यूब’
पब के मालिक अमरजीत सिंह ने बताया कि अलग-अलग पैकेज के साथ अनलिमिटेड बेवरेज और स्नैक्स का इंतजाम होगा। इस दौरान केवल कपल एंट्री ही रखी गई है।
एंट्री फीस - 2500-5000 रुपये (एक व्यक्ति)
सेक्टर-18 स्थित पब-डिस्कोथेक
यहां भी जश्न का जोरदार इंतजाम किया गया है। साथ ही हुड़दंगियों से निपटने के लिए बाउंसर भी मौजूद रहेंगे।
एंट्री फीस - 7000-10000 (कपल)
कम बजट है तो यहां भी है ऑप्शन है
नए साल के स्वागत के लिए अगर आपका बजट कम है और पांच से दस हजार रुपये पब व डिस्कोथेक में खर्च नहीं करना चाहते हैं तो बहुत से रेस्त्रां ने खाने के साथ ही डांस करने की व्यवस्था भी की है।
यहां सीट हटाकर जगह बना दी गई हैं और बफर सिस्टम में खाने के साथ-साथ डांस फ्लोर बना दिया गया है। इस दौरान अथ डांस का लुत्फ भी उठा सकेंगे और आपकी जेब पर ज्यादा बोझ भी नहीं पड़ेगा।
रैडिसन होटल : विदेशी कलाकार करेंगे मजा दोगुना
सेक्टर-18 स्थित पांच सितारा होटल रैडिसन में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। यहां विदेशी कलाकार जश्न का मजा दोगुना कर देंगे। इस दौरान सेमी क्लासिकल, कल्चरल और बैले डांस सहित अन्य गीत-संगीत और नृत्य कार्यक्रमों का लुत्फ लिया जा सकता है।
मशहूर डिश से लुभाएंगे रेस्त्रां
सेक्टर-18 स्थित करीम रेस्त्रां के मैनेजर ने बताया कि टेबल बुक होनी शुरू हो गई हैं। इस दौरान उनकी मशहूर डिशेज लोगों को अपनी ओर खीचेंगी। सेक्टर-18 स्थित ‘तंदूरी विलेज’ रेस्त्रां के वीरेंद्र कुमार सिंहल ने बताया कि न्यू ईयर ईव पर उनके यहां स्पेशल बटर चिकन, रोगन जोश, पनीर शहंशाही लोगों को पेश की जाएंगी।
फ्रूट केक बने पहली पसंद
नए साल पर बेकरी वालों की जमकर चांदी होगी। अभी से लोगों ने केक के ऑर्डर दे दिए हैं। सेक्टर-52 में ‘यमी टमी’ बेकरी चलाने वाले कादिर राणा ने बताया कि 31 दिसंबर के लिए केक बुक करने के बहुत से ऑर्डर आ गए हैं। इनमें से फ्रूट केक लोगों की पहली पसंद हैं। वहीं, पाइनेप्पल, स्ट्राबरी और अन्य वैरायटी के केक भी लोग बुक करा रहे हैं।
निकल पड़े शहर से बाहर मनाएंगे जश्न
शहर के कई लोग गोवा, मसूरी, शिमला, माउंट आबू, केरल और मॉरीशस में नया साल मनाने के लिए जा चुके हैं। एक आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर शशांक सिंह और रजत सिंह ने बताया कि वे नया साल अपने मित्रों के साथ गोवा में मनाएंगे।