वहीं, द्वारका सेक्टर 14 के मॉल में दुकान चला रहे व्यापारी ने उम्मीद जताते हुए कहा कि नए साल पर लोग मस्ती करने बड़ी संख्या में घरों से बाहर निकलेंगे। नए साल की पूर्व संध्या पर शनिवार और एक जनवरी रविवार को छुट्टी होगी। ऐसे में लोगों के पास जश्न करने का पूरा मौका होगा। वह देर रात तक मॉल में घूमकर कर परिवार के साथ जश्न मना सकते हैं। उन्होंने कहा कि लोगों के लिए नए ऑफर भी लाए गए हैं। साथ ही मॉल को भी सजाया जा रहा है।
नई दिल्ली के कनॉट प्लेस, खान मार्केट, सरोजनी नगर सहित अन्य जगहों पर भी नए साल को लेकर व्यापारियों ने विशेष तैयारियां की हैं। व्यापारियों का कहना है कि अधिकतर जगहों पर पहले से टेबल बुक हो चुकी हैं। इनके अलावा दिल्ली के नामी होटलों, रेस्तरांओं, पब, बार और डिस्क में शनिवार दोपहर तक ही अधिकतर जगहों पर बुकिंग फुल हो गई। इसके बाद बुकिंग चाहने वाले लोगों को सशर्त वेटिंग नंबर दिए जा रहे थे। जिन लोगों की बुकिंग पहले से कन्फर्म थी, वे तो सेलिब्रेशन की तैयारियों में जुटे थे, लेकिन जिन्हें वेटिंग में डाला गया या बुकिंग नहीं मिली, वे अपने लिए नए-नए विकल्प तलाशते रहे। इसके लिए दिनभर तमाम हेल्पलाइन नंबर और वेबसाइट खंगाली जाती रहीं।
मिलनी चाहिए छूट
नए साल के जश्न में काफी लोगों के आने की उम्मीद है, लेकिन दिल्ली पुलिस की सख्ती के कारण व्यापारी परेशान हैं। कनॉट प्लेस मार्केट एसोसिएशन के अध्यक्ष अतुल भार्गव ने बताया कि पुलिस की सख्ती के कारण बड़ी संख्या में लोग जश्न मनाने कनॉट प्लेस के इनर व आउटर सर्कल में नहीं आ पाएंगे। इससे व्यापारियों को नुकसान होगा। इस नए साल पर वीकेंड भी पड़ रहा है, इसे लेकर कनॉट प्लेस के रेस्तरां व अन्य पूरी तरह से तैयार हैं, लेकिन सख्ती से लोगों की मस्ती पर खलल डलने की उम्मीद दिख रही है।